Yash Dhull Century In DPL: युवा क्रिकेटर यश धुल शतक ठोककर एक बार फिर से छा गए हैं। उन्होंने यह ताबड़तोड़ बल्लेबाजी दिल्ली प्रीमियर लीग यानि डीपीएल में की है। धुल के शतक की बदौलत उनकी टीम ने 14वें ओवर में लक्ष्य को हासिल कर लिया और बड़ी जीत दर्ज की। इस युवा बल्लेबाज का नाम कुछ समय पहले भी चमका था लेकिन अचानक फिर से गुमनामी के अंधेरे में चला गया। हालांकि, वह अब एक बार फिर छा गए हैं। डीपीएल में वह शानदार बल्लेबाजी का नजारा पेश कर रहे हैं।
इस समय दिल्ली प्रीमियर लीग के मुकाबले खेले जा रहे हैं जिसमें बुधवार को पुरानी दिल्ली और सेंट्रल दिल्ली के बीच मुकाबला खेला गया। पहले करने उतरी दिल्ली की बल्लेबाजी अच्छी नहीं रही और 7 विकेट के नुकसान पर 140 रनों का स्कोर खड़ा किया। पुरानी दिल्ली के लिए समर्थ सेठ ने 22 गेंदों पर 32 रनों की पारी खेली। इसमें पांच चौके शामिल रहे। इसके बाद अश्विन छिल्लर ने 29 गेंदों पर 38 रन बनाए।
पुरानी दिल्ली के 140 रनों के जवाब में खेलने उतरी सेंट्रल दिल्ली का पहला विकेट जल्दी गिर गया। ओपनर बल्लेबाज सिद्धार्थ जून 13 गेंदों पर 8 रन बनाकर आउट हो गए। हालांकि, दूसरे छोर पर ओपनर बल्लेबाज यश धुल ने गेंदबाजों पर हमला बोल दिया। इस दौरान उन्होंने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 47 गेंदों पर शतक ठोक दिया। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 9 छक्के और 6 चौके लगाए। यश धुल ने 212.77 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। टीम ने 13.2 ओवर में इस स्कोर को आसानी से हासिल कर लिया।
30 अगस्त को होगा फाइनल
जानकारी के लिए बता दें कि, इस साल के डीपीएल में कुल मिलाकर आठ टीमें खेल रही हैं। अभी की अंक तालिका में सीडीके यानी सेंट्रल दिल्ली किंग्स की टीम पहले नंबर पर चल रही है। टूर्नामेंट का आगाज 31 जुलाई से हुआ था और 30 अगस्त को इसका फाइनल मैच खेला जाएगा। इसके ज्यादातर मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में ही खेले जा रहे हैं।
Read Also: Ind vs Zim: अभिषेक और वैभव में कौन बनेगा Sixer King, जिंबाब्वे के साथ सीरीज रहेगी काफी अहम
