Bollywood: बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह का नाम इन दिनों लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। फिल्म 'धुरंधर 2' की भारी सफलता ने जहां बॉक्स ऑफिस के सभी रिकार्ड्स तोड़ें तो वहीं अब उन पर बैन लगा दिया गया। जिसके बाद रणवीर सिंह ने मैसूर के चामुंडेश्वरी मंदिर में दर्शन कर माफी भी मांगी।
दरअसल, अभिनेता रणवीर सिंह फिल्म निर्माता फरहान अख्तर की फिल्म डॉन-3 छोड़ने के बाद विवादों में हैं। जिसके बाद FWICE ने उनके ऊपर बैन लगा दिया। इसके अलावा वह कांतारा ‘चैप्टर 1’ को लेकर भी विवादों में हैं। उन्होंने गोवा में हुए इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के दौरान ‘चैप्टर 1' से ऋषभ शेट्टी के किरदार की मिमिक्री की थी और साथ ही चामुंडा देवी को 'भूत' बुलाया था।
इस विवादित टिप्पणी के बाद रणवीर सिंह के ऊपर पुलिस केस भी दर्ज हुआ था। मामले में कर्नाटक हाईकोर्ट ने उनके खिलाफ FIR रद्द करने के लिए निर्देश दिया था। साथ ही अदालत ने एक्टर को फटकार लगाई और कहा कि उन्हें मैसूर के चामुंडेश्वरी मंदिर में दर्शन करने होंगे साथ ही अपनी गलती के लिए माफी मांगनी होगी। जिसके चलते अब एक्टर ने मंदिर में दर्शन कर माफी मांगी है। इसके बाद माफी मांगते हुए अभिनेता की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो गई।
उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर लिखा कि- मेरा उद्देश्य फिल्म में ऋषभ शेट्टी की शानदार परफॉर्मेंस को सामने लाना था। एक अभिनेता होने के नाते मैं समझता हूं कि जिस तरह उन्होंने उस खास सीन को निभाया, उसके लिए कितनी मेहनत चाहिए। मुझे उनके काम के लिए बेहद सम्मान है। मैं हमेशा हमारे देश की हर संस्कृति, परंपरा और विश्वास का गहरा सम्मान करता हूं। अगर मेरी बात से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं, तो मैं दिल से माफी मांगता हूं।
डॉन 3' को लेकर क्या है विवाद ?
इससे अलग बॉलीवुड एक्टर एक और विवाद का सामना कर रहे हैं। फिल्म निर्माता फरहान अख्तर ने प्रोड्यूसर्स गिल्ड में रणवीर के खिलाफ शिकायत देकर 45 करोड़ रुपए के हर्जाने की मांग की है। वजह है कि, एक्टर ने फिल्म डॉन-3 करने से इंकार कर दिया है, जिसके चलते दोनों के रिश्ते बिगड़ गए। बीते दिन FWICE ने डॉन-3 मेकर्स की शिकायत के बाद रणवीर सिंह को इंडस्ट्री में बैन भी कर दिया, जिसके बाद ये विवाद और गहरा हो गया। हालांकि, रिपोर्ट्स की मानें तो इस विवाद को सुलझाने के लिए सलमान खान की एंट्री हो गई हैं।
Read Also: Weather Update: झुलसाती गर्मी से अब मिलेगी राहत, कल से तीन दिन जमकर बरसेंगे बादल, IMD ने दी जानकारी
सलमान कराएंगे सुलह ?
बॉलीवुड रिपोर्ट्स के अनुसार, दिग्गज एक्टर सलमान ने रणवीर और फरहान के बीच हो रहे इस विवाद को शांत करने का फैसला लिया है। उनका कहना है वह दोनों के बीच किसी तरह का विवाद नहीं चाहते हैं। बताया जाता है कि, सलमान रणवीर सिंह को बेहद पसंद करते हैं, और फरहान अख्तर के परिवार से भी उनका गहरा नाता रहा है। अब वह दोनों के बीच मामले को समाप्त कराने के लिए प्रयास कर रहे हैं। हालांकि, अभी तक दोनों के बीच विवाद के निस्तारण की कोई खबर सामने नहीं आई है।
