Delhi: ओलिंपियन पहलवान विनेश फोगाट को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। पहलवान विनेश फोगाट को एशियन गेम्स चयन ट्रायल में भाग लेने की अनुमति मिल गई। देश की सर्वोच्च अदालत ने रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (WFI) की याचिका खारिज करते हुए कहा कि विनेश ट्रायल में भाग ले सकती हैं।
एशियन गेम्स का ट्रायल 30 और 31 मई को दिल्ली में आयोजित होंगे, जिनके आधार पर आगामी एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम का सलेक्शन किया जाएगा। रेसलिंग फेडरेशन ने दिल्ली हाईकोर्ट के उस आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी, जिसमें विनेश को ट्रायल में शामिल होने की अनुमति दी गई थी।
मामले की सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने टिप्पणी की कि खिलाड़ी ने देश का नाम पूरी दुनिया में रोशन किया है, लेकिन खेलों में नियम सभी पर समान रूप से लागू होते हैं। अदालत ने यह भी कहा कि चयन प्रक्रिया में अदालतों का ज्यादा हस्तक्षेप उचित नहीं है, हालांकि वर्तमान परिस्थिति में ट्रायल में भाग लेने की अनुमति देना जरूरी है।
इससे पहले मामले की सुनवाई दिल्ली हाईकोर्ट में हुई और फैसला विनेश फोगाट के पक्ष में सुनाते हुए ट्रायल में भाग लेने की अनुमति दे दी गई और साथ ही चयन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए वीडियो रिकॉर्डिंग तथा भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) और भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) के स्वतंत्र पर्यवेक्षकों की निगरानी का निर्देश दिया था।
बता दें कि, पहलवान विनेश फोगाट की ओर अदालत में कहा गया कि उन्हें निष्पक्ष अवसर से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने अपनी दलील में कहा कि अपनी क्षमता के आधार पर फिर से ट्रायल में भाग लेने की तैयारी की है और साथ ही उन्हें कोई विशेष रियायत नहीं चाहिए। मेहनत और निष्पक्षता के आधार पर उन्हें ट्रायल में भाग मिल जाए। मामले पर सुनवाई करते हुए अदालत ने फैसला विनेश के पक्ष में सुनाया और कहा कि देश सबसे ऊपर है।
जुलाना से विधायक हैं विनेश फोगाट
जानकारी के लिए बता दें कि, पहलवान विनेश फोगाट ने साल 2024 पेरिस ओलंपिक में 50 किग्रा वर्ग में भाग लिया था, जहां सेमीफाइनल तक पहुंचने के बाद वजन सीमा से 100 ग्राम अधिक पाए जाने के कारण उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया गया था। इसके बाद उन्होंने कुश्ती से संन्यास लेने की घोषणा की थी, जिसे बाद में वापस लेते हुए 2028 ओलंपिक की तैयारी का ऐलान किया गया। अब एशियन गेम्स के लिए ट्रायल देने के लिए तैयार है। इसके अलावा विनेश फोगाट वर्तमान में हरियाणा के जींद जिले की जुलाना विधानसभा सीट से विधायक हैं। उन्होंने कांग्रेस पार्टी के टिकट पर साल 2024 में चुनाव लड़ा था।
Read Also: Weather Update: झुलसाती गर्मी से अब मिलेगी राहत, कल से तीन दिन जमकर बरसेंगे बादल, IMD ने दी जानकारी
