Thailand Pub Fire Live Update: बैंकॉक में जश्न के बीच आग का तांडव, अब तक 27 लोगों की मौत, 60 गंभीर, मौके पर पहुंचे प्रधानमंत्री

bankok_4b7U6TwSS.jpg

Thailand Fire: थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में बीती रात हुए एक दर्दनाक हादसे ने लोगों को हिलाकर रख दिया। बैंकॉक के एक पब में लगी अचानक आग से 27 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई जबकि 60 से ज्यादा गंभीर बताए जा रहे हैं। हालांकि, काफी मशक्कत के बाद फायर विभाग की टीम ने आग पर काबू पा लिया। घायलों को आनन-फानन में उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे के बाद प्रधानमंत्री ने घटनास्थल का दौरा किया है।

रविवार की देर रात को हुए इस हादसे ने राजधानी बैंकॉक में चल रहे एक जश्न को मातम में बदल दिया। शहर के उत्तरी हिस्से में स्थित पब में अचानक भीषण आग लग गई। हादसे के वक्त पब में म्यूजिक कार्यक्रम चल रहा था और बड़ी संख्या में लोग जश्न में सराबोर थे। इसी दौरान अचानक आग भड़क उठी और देखते ही देखते पब का माहौल मातम में बदल गया।

इस हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है, जिसमें आग की ऊंची-ऊंची लपटें और चारों ओर धुएं का गुब्बार साफ देखा जा सकता है। घटनास्थल पर मौजूद एक म्यूजिशियन ने बताया कि बिजली गुल होने से कुछ क्षण पहले मंच के पास लगे सर्किट ब्रेकर से धुआं निकलता दिखाई दिया था। इसके तुरंत बाद जोरदार धमाका हुआ और देखते ही देखते पूरा पब धुएं से भर गया।

हादसे की जानकारी मिलने के बाद थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चार्नविराकुल ने घटनास्थल का दौरा किया और अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात की। 'द गार्जियन' की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने कहा कि आग लगने के बाद पब में तेजी से धुआं भर गया, जिसके चलते कई लोग जान बचाने के लिए पिछले हिस्से में स्थित बाथरूम की ओर भागने को मजबूर हो गए। उन्होंने बताया कि अब तक 27 शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि अन्य घायलों को अस्पताल भेजकर उनका इलाज कराया जा रहा है।

Read Also: इंडोनेशिया में प्रधानमंत्री मोदी सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित, दोनों देशों के बीच हुए कई अहम समझौते

आग के कारणों की जांच जारी

स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, इस भीषण आग पर काबू पाने में दमकल विभाग को करीब 30 मिनट का समय लगा। हादसे के बाद सामने आई तस्वीरों में जली हुई मेज-कुर्सियां, क्षतिग्रस्त फर्नीचर और पूरी तरह झुलसा हुआ ढांचा दिखाई दे रहा है। फिलहाल पुलिस, फायर ब्रिगेड और फोरेंसिक टीम आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच कर रही हैं। इसके अलावा मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया भी जारी है।

Read Also: Venezuela Earthquake Live: भीषण भूकंप ने मचाया मौत का तांडव, 10 हजार से एक लाख लोगों के मरने की आशंका, इमरजेंसी घोषित

Read Also: जापान में 20 साल बाद भारतीय आम बैन, अल्फांसो समेत कई प्रीमियम किस्मों का निर्यात प्रभावित, वजह कर देेगी हैरान