Ahmedabad Crackers Factory Blast: गुजरात के अहमदाबाद में एक पटाखा फैक्ट्री में जोरदार ब्लास्ट हो गया। इस ब्लास्ट में अब तक 8 लोगों की मौत हो गई जबकि दर्जनभर से ज्यादा मजदूर घायल बताए जा रहे हैं। घटना वस्त्राल इलाके में रामोल-गतराड रोड पर आज शाम शनिवार को हुई। इस धमाके को इतना जोरदार बताया जा रहा है कि इसकी आवाज पांच किलोमीटर दू तक सुनाई दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पटाखा फैक्ट्री अवैध रूप से संचालित बताई जा रही है।
धमाके के बाद फैक्ट्री में काम कर रहे कामगारों के शवों के चिथड़े उड़ गए। घायलों को आनन-फानन में स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस ह्रदय विदारक घटना पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपए के मुआवजे का ऐलान किया है। साथ ही घायलों के जल्दी स्वस्थ की कामना जताई।
यह फैक्ट्री वस्त्राल स्थित आरएएफ कैंप के पीछे होने के कारण, इस धमाके की आवाज सुनते ही कैंप में तैनात जवान तुरंत मौके पर पहुंच गए। फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही उन्होंने घायल और मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकाला। फिलहाल फायर ब्रिगेड की पांच से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा चुकी हैं और कूलिंग की प्रक्रिया जारी है।
Read Also: LIFESTYLE: मोबाइल से नहीं हटती नजर? आज ही अपनाएं ये आसान तरीके, छूट जाएगी बार-बार फोन देखने की आदत
कानून सम्मत होगी कार्रवाई- पुलिस
हादसे को लेकर पुलिस का कहना है कि फैक्ट्री अवैध रूप से संचालित की जा रही थी। मामले में गैर इरादतन हत्या से संबंधित धाराओं और विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया जाएगा। इस मामले में जो दोषी पाए जाएंगे सभी के खिलाफ कानून सम्मत कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। फिलहाल, घायलों का अस्पताल में उपचार है और स्थिति को नियंत्रण में कर लिया गया है।
