Delhi Red Fort Threat: देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से इस वक्त बड़ी खबर सामने आई है। शनिवार को लाल किले को एक बार फिर से उड़ाने की धमकी मिली है। फोन पर मुंबई पुलिस को यह धमकी दी गई है जिसके बाद मुंबई पुलिस ने दिल्ली पुलिस कंट्रोल रूम को यह सूचना दी। बाद में दिल्ली पुलिस कंट्रोल रूम ने नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट पुलिस को इसकी सूचना दी जिसके बाद मुंबई से लेकर दिल्ली तक हड़कंप मच गया। हालांकि, जांच के बाद नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट पुलिस ने इस कॉल को झूठा बताया।
इससे पहले शुक्रवार को सचिवालय और लाल किले को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने तलाशी अभियान शुरू किया था। दिल्ली फायर सर्विस के मुताबिक, दिल्ली सचिवालय को ईमेल के जरिए बम की धमकी मिली थी। अधिकारियों ने बताया, अग्निशमन विभाग को दोपहर 12 बजे एक कॉल मिली, जिसके बाद टीमों को मौके पर भेजा गया। अभी तक कुछ भी नहीं मिला है।
अब शनिवार को एक बार फिर से मुंबई में धमकी वाला कॉल आया हालांकि, बाद में इस कॉल को फर्जी बता दिया गया। इसी के साथ राजधानी में भी धमकी वाले ईमेल स्कूलों को मिले हैं जिसमें स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। बाद में अग्निशमन विभाग और बम निरोधक दस्ता समेत कई एजेंसियों ने तलाशी अभियान चलाया। इसके बाद एजेंसियों ने पुष्टि की कि सर्च अभियान के दौरान कुछ संदिग्ध नहीं मिला।
Read Also: Weather Forecast: दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा 11 जुलाई का मौसम, IMD अलर्ट के साथ पढ़िए पूरा अपडेट
