Delhi NCR Weather Forecast: दिल्ली-एनसीआर में सुबह से बारिश का दौर जारी है। नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद और गाजियाबाद तक इलाके जलमग्न हैं। वाहन सड़कों पर रेंग रहे हैं। इस बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने चेतावनी जारी कर दी है। आईएमडी ने दिल्ली-एनसीआर में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। इस बारिश से गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिली है तो वहीं निचले इलाकों में जलभराव और भीषण जाम की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
आईएमडी ने दिल्ली के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए अनुमान लगाया कि अगले कुछ घंटों में कई जगहों पर मध्यम बारिश और कुछ जगहों पर भारी बारिश के साथ-साथ मध्यम आंधी और बिजली कड़कने की संभावना है। दिल्ली और एनसीआर के निवासियों को सलाह दी है कि वे यात्रा करते समय सावधानी बरतें और जलजमाव वाले इलाकों से बचें क्योंकि पूरे इलाके में भारी बारिश जारी है।
दिल्ली में भारी ट्रैफिक
दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद के लिए भारी बारिश का अलर्ट है। रात 8 बजे तक 40-80 मिमी और बारिश होने की उम्मीद है। इन इलाकों में आधी रात से अब तक 80-140 मिमी बारिश हो चुकी है। बारिश का आंकड़ा 200 मिमी तक पहुंच सकता है और जगह-जगह भारी जलभराव की आशंका है। ऐसे में घर से बाहर जरूरी काम के लिए ही निकले। निचले इलाकों में जाने से बचना चाहिए साथ ही ट्रैफिक को ध्यान में रखकर बाहर निकलने का सोचना चाहिए।
सुबह से हो रही बारिश के कारण महरौली-बदरपुर रोड, आईटीओ, वजीराबाद रोड, पटेल रोड, रोहतक रोड, शंकर रोड, कीर्ति नगर स्ट्रेच, दिल्ली-जयपुर हाईवे, पीरागढ़ी और शाहीन बाग में भारी ट्रैफिक की खबर मिली है। सड़कों पर वाहन रेंग-रेंगकर चल रहे हैं।
Read Also: Bihar: पटना में युवक की मौत के बाद बवाल, पुलिस और पत्रकारों पर पथराव, गाड़ियों को किया आग के हवाले
