E85 Flex Fuel In Delhi: देश में E85 फ्लेक्स फ्यूल लॉन्च हो गया। 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस की शाम इसकी लॉन्चिंग की गई। राजधानी दिल्ली के पूसा रोड (Pusa Road) पर देश का पहला E85 फ्यूल स्टेशन (E85 Fuel Station) शुरू कर दिया गया। इस नए ईंधन की कीमत 82.12 रुपए प्रति लीटर रखी गई है, जो मौजूदा पेट्रोल की कीमत से 20 रुपए सस्ता है।
इस फ्यूल E85 में 85 फीसदी एथेनॉल (Ethanol) और 15 फीसदी पेट्रोल मिलाया जाता है। सरकार का मानना है कि इससे न सिर्फ लोगों का ईंधन खर्च कम होगा, बल्कि प्रदूषण पर भी लगाम लगाने में मदद मिलेगी। हालांकि, अभी इस फ्यूल के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह है कि भारत में बहुत कम गाड़ियां हैं जो E85 पर चल सकती हैं।
यानी फिलहाल आम लोग चाहकर भी अपनी मौजूदा पेट्रोल कार में इस ईंधन का इस्तेमाल नहीं कर सकते। हाल ही में मारुति सुजुकी ने फ्लेक्स-फ्यूल तकनीक वाली वैगनआर (Wagon R) पेश की है, लेकिन यह अभी आम ग्राहकों के लिए उपलब्ध नहीं है।
माना जा रहा है कि जैसे-जैसे E85 फ्यूल स्टेशन देश के दूसरे शहरों में खुलेंगे, वैसे-वैसे ऐसी गाड़ियों की बिक्री भी बढ़ेगी। सरकार और तेल कंपनियां शुरुआती चरण में 50 से 100 E85 स्टेशन शुरू करने की योजना पर काम कर रही हैं। इसके बाद इस साल के अंत तक इनकी संख्या 500 और 2027 तक करीब 5,000 करने का लक्ष्य रखा गया है।
विशेषज्ञों का मानना है कि E85 पर चलने वाली गाड़ियों में कुछ तकनीकी बदलाव करने पड़ते हैं। इसके लिए अलग तरह का फ्यूल सिस्टम, इंजन के कुछ हिस्सों में बदलाव और विशेष इलेक्ट्रॉनिक कंट्रोल यूनिट की जरूरत होती है। यही वजह है कि ऐसी गाड़ियों की कीमत सामान्य पेट्रोल कारों से ज्यादा हो सकती है। इसके अलावा E85 फ्यूल सस्ता जरूर है, लेकिन इसमें पेट्रोल की तुलना में ऊर्जा कम होती है।
Read Also: Health: रोजाना सुबह खाली पेट खाएं कच्चा पपीता, चमत्कारिक फायदे कर देंगे हैरान
ऐसे में गाड़ी का माइलेज थोड़ा कम मिल सकता है। यानी ईंधन पर बचत होगी, लेकिन प्रति लीटर तय होने वाली दूरी भी कुछ घट सकती है। जानकारों का मानना है कि जो लोग रोजाना लंबी दूरी तय करते हैं, उनके लिए E85 वाली गाड़ियां भविष्य में फायदे का सौदा साबित हो सकती हैं। वहीं, पर्यावरण के लिहाज से भी यह ईंधन बेहतर माना जाता है क्योंकि इससे कार्बन उत्सर्जन कम होता है। इसी वजह से ब्राजील समेत कई देशों में फ्लेक्स-फ्यूल गाड़ियां काफी लोकप्रिय हैं।
Read Also: Punjab Hadsa: फिरोजपुर में दर्दनाक हादसा, महिलाओं और बच्चों समेत 8 लोगों की मौत, 9 गंभीर
