आज डिजिटल समय में स्मार्टफोन हमारी रोजमर्रा की जिंदगी का सबसे जरूरी हिस्सा बन चुका है। बैंकिंग से लेकर ऑफिस, पढ़ाई, सोशल मीडिया और मनोरंजन तक लगभग हर काम फोन पर ही निर्भर हो गया है। ऐसे में बैटरी जल्दी खत्म होना लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन जाती है। यही वजह है कि ज्यादातर लोग रातभर फोन चार्जिंग पर लगाकर सुबह 100 प्रतिशत बैटरी के साथ दिन की शुरुआत करना पसंद करते हैं।
अगर आपका स्मार्टफोन भी बार-बार चार्ज मांगता है या दिन खत्म होने से पहले ही बैटरी खत्म हो जाती है, तो सबसे पहले अपनी इन दैनिक आदतों पर नजर डालना जरूरी है। तो आइए जानते हैं उन आम गलतियों के बारे में, जो आपके फोन की बैटरी को तेजी से खत्म कर सकती हैं और जिनसे बचकर आप अपने स्मार्टफोन की बैटरी लाइफ को लंबे समय तक बेहतर बना सकते हैं।
स्क्रीन की ब्राइटनेस फुल रखना
फोन की बैटरी जल्दी डिस्चार्ज होने की सबसे अहम वजह है स्क्रीन की ब्राइटनेस को हमेशा हाई रखना, जो फोन की बैटरी को जल्दी-जल्दी खर्च करती है। ऐसे में अगर आप भी हर समय फोन की ब्राइटनेस फुल रखते हैं, तो बैटरी जल्दी खत्म होना स्वाभाविक है। जिससे न सिर्फ फोन की बैटरी खर्च होती है, बल्कि हमारी आंखों पर इसका असर पड़ता है। इसलिए आप अपने फोन को ऑटो ब्राइटनेस या अपनी जरूरत के अनुसार ब्राइटनेस रखनी चाहिए।
बैकग्राउंड में कई ऐप्स चलाना
अक्सर हम स्मार्टफोन का इस्तेमाल करते समय कई ऐप्स एक साथ खोल लेते हैं, या फिर Google पर कुछ सर्च करके सीधे बाहर निकल जाते हैं, लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि सिर्फ ऐप बंद कर देने या ब्राउजर से बाहर आने का मतलब यह नहीं होता कि वह ऐप्स पूरी तरह बंद हो गया है। कई बार Google Chrome में खुले टैब और कई ऐप्स बैकग्राउंड में चलते रहते हैं, जो कि लगातार इंटरनेट, लोकेशन और फोन के प्रोसेसर का इस्तेमाल करते हैं। जिससे बैटरी तेजी से खर्च होती है। अगर आप भी चाहते हैं कि फोन की बैटरी ज्यादा देर तक चले, तो गैर-जरूरी ऐप्स और ब्राउजर टैब्स को पूरी तरह बंद करें।
Bluetooth, GPS और Wi-Fi ऑन रहना
कई लोग स्मार्टफोन में Bluetooth, GPS और Wi-Fi जैसी सुविधाओं को इस्तेमाल करने के बाद भी बंद नहीं करते। हालांकि, ये फीचर्स जरूरत न होने पर भी बैकग्राउंड में लगातार नेटवर्क, डिवाइस और लोकेशन सिग्नल खोजते रहते हैं, जिससे बैटरी की खपत बढ़ सकती है। अगर आप इन्हें लंबे समय तक बिना जरूरत ऑन रखते हैं, तो फोन की बैटरी सामान्य से ज्यादा तेजी से खत्म हो सकती है। इसलिए जब इनकी आवश्यकता न हो, तो Bluetooth, GPS और Wi-Fi को बंद कर देना चाहिए।
0 परसेंट होने पर चार्ज करना
आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में ज्यादातर लोग पूरे दिन स्मार्टफोन का इस्तेमाल करते हैं। कई लोग तब तक फोन चलाते रहते हैं, जब तक उसकी बैटरी पूरी तरह 0 परसेंट नहीं हो जाती। वहीं कुछ यूजर्स बैटरी खत्म होने के बाद भी फोन को चार्जिंग पर लगाकर लगातार इस्तेमाल करते रहते हैं। ये दोनों आदतें बैटरी की सेहत पर नकारात्मक असर डाल सकती है जिससे इसकी क्षमता धीरे-धीरे कम होने लगती है। इसलिए बैटरी को हमेशा 20 परसेंट के आसपास पहुंचने पर फोन को चार्ज कर देना चाहिए।
खराब या नकली चार्जर का उपयोग
फोन की बैटरी जल्दी खराब होने की एक बड़ी वजह गलत चार्जर का इस्तेमाल भी हो सकता है। कई लोग फोन के साथ मिलने वाला ओरिजनल चार्जर खराब होने के बाद सस्ते, लोकल या नकली चार्जर का इस्तेमाल करने लगते हैं। वहीं, कुछ लोग लंबे समय तक पुराने और खराब हो चुके चार्जर या केबल का ही उपयोग करते रहते हैं। जिससे चार्जिंग प्रभावित होती है और समय के साथ बैटरी की क्षमता भी कम होने लगती है।
फोन और ऐप्स को अपडेट न करना
अगर आप भी लंबे समय तक अपने स्मार्टफोन और उसमें मौजूद ऐप्स को अपडेट नहीं करते हैं, तो इसका भी असर बैटरी की परफॉर्मेंस पर भी पड़ सकता है। क्योंकि कुछ कंपनियां समय-समय पर नए सॉफ्टवेयर अपडेट जारी करती हैं, जिनमें बैटरी ऑप्टिमाइजेशन, सिस्टम की स्थिरता, सुरक्षा और परफॉर्मेंस से जुड़े कई सुधार शामिल होते हैं। ऐसे में पुराने सॉफ्टवेयर पर फोन चलाने से कुछ ऐप्स जरूरत से ज्यादा बैटरी की खपत कर सकते हैं, जिससे बैटरी जल्दी खत्म होने लगती है।
Read Also: इंडोनेशिया में प्रधानमंत्री मोदी सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित, दोनों देशों के बीच हुए कई अहम समझौते
