Raj Kiran Missing Mystery: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता राज किरण के रहस्यमयी तरीके से लापता होने का मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। जिसमें पूर्व अभिनेत्री और सामाजिक कार्यकर्ता सोमी अली ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा कर बताया- कि वह पिछले 16 वर्षों से राज किरण की तलाश में जुटी हैं। सोमी अली का कहना है कि उन्होंने दिवंगत अभिनेता ऋषि कपूर से राज किरण को ढूंढने का वादा किया था। और उसी वादे को निभाने के लिए आज भी उनकी कोशिश लगातार जारी हैं। इतना ही नहीं उन्होंने राज किरण के बारे में पुख्ता जानकारी देने वाले व्यक्ति को 5,000 डॉलर (करीब 4 लाख रुपये) के इनाम की भी घोषणा की है।
सोमी अली ने अपनी पोस्ट के कैप्शन में बताया- कि दिवंगत अभिनेता ऋषि कपूर (चिंटू जी) से किया गया वादा निभाने के लिए वह पिछले 16 वर्षों से राज किरण की तलाश कर रही हैं। उन्होंने लिखा कि इस दौरान उन्होंने निजी जासूसों (प्राइवेट इन्वेस्टिगेटर्स) की मदद से मिले कई पतों पर जाकर जानकारी जुटाने की कोशिश की। इसके अलावा न्यूयॉर्क के एक अपार्टमेंट तक भी पहुंचीं। जहां उन्हें बताया गया कि राज किरण वहां कभी नहीं रहे। हालांकि उनके भाई गोबिंद, उनकी पत्नी जूडी और बेटी करीब 11 साल तक उस इमारत में रहे थे।
सोमी ने आगे लिखा- कि उन्होंने राज किरण के परिवार के हर सदस्य से संपर्क करने की कोशिश की। लेकिन कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ ऋषि कपूर से किया गया वादा नहीं, बल्कि उनकी व्यक्तिगत चिंता भी है। कि आखिर राज किरण कहां हैं? क्या वे सुरक्षित हैं? और कहीं उन्हें उनकी इच्छा के विरुद्ध तो नहीं रखा गया है।
कौन हैं राज किरण महतानी?
भारतीय हिंदी सिनेमा के मशहूर अभिनेता राज किरण महतानी बॉलीवुड के सबसे भरोसेमंद कलाकारों में गिने जाते थे। साल 1970 और 80 के दशक में उन्होंने कई यादगार फिल्मों में अपने अभिनय से एक अलग पहचान बनाई। राज किरण ने साल 1975 में बी.आर. इशारा निर्देशित फिल्म 'कागज़ की नाव' से बॉलीवुड में अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने लगभग दो दशकों तक हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में लगातार काम किया और 100 से अधिक फिल्मों में नजर आए।
साल 1980 में रिलीज हुई फिल्म 'कर्ज़' ने उन्हें देशभर में लोकप्रिय बना दिया। वहीं महेश भट्ट की फिल्म 'अर्थ' में उनके अभिनय की आलोचकों ने भी जमकर सराहना की। इसके अलावा उन्होंने शिक्षा, मान-अभिमान, एक नया रिश्ता, जस्टिस चौधरी, बसेरा और राज तिलक जैसी कई फिल्मों में अहम भूमिकाएं निभाईं। छोटे पर्दे पर भी उन्होंने रिपोर्टर, आखिर कौन और आहट जैसे टीवी धारावाहिकों में काम किया था।
करियर में गिरावट, बढ़ी मानसिक परेशानी
साल 90 के दशक की शुरुआत तक राज किरण के पास फिल्मों के प्रपोजल कम होने लगे। और धीरे-धीरे वे फिल्म इंडस्ट्री से दूर होते चले गए। इसी दौरान उनके मानसिक स्वास्थ्य को लेकर भी चर्चाएं सामने आने लगीं। हालांकि उनकी बीमारी को लेकर कभी कोई आधिकारिक मेडिकल जानकारी सार्वजनिक नहीं हुई। उनकी निजी जिंदगी भी काफी मुश्किल दौर से गुजर रही थी। उनकी पत्नी का नाम रूपा है और उनकी दो बेटियां ऋषिका और मन्नत हैं। बाद में ऐसी खबरें भी सामने आईं कि राज किरण के लापता होने के बाद उनकी पत्नी ने दूसरी शादी कर ली।
इसके बाद साल 1996 में राज किरण एक विवाद की वजह से भी चर्चा में रहे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उन पर आरोप लगा कि उन्होंने रात के समय पुट्टपर्थी स्थित सत्य साई बाबा के आश्रम में प्रवेश करने की कोशिश की थी। बताया गया कि इसके लिए उन्होंने ट्रैक्टर और सीढ़ी का इस्तेमाल किया था। इस मामले में उन्हें गिरफ्तार किया गया और करीब 34 दिनों तक बेंगलुरु सेंट्रल जेल में रहना पड़ा। बाद में एक इंटरव्यू में राज किरण ने कहा था- कि जेल में बिताए गए वे 34 दिन उनकी जिंदगी का सबसे भयावह अनुभव थे और उन्हें हर समय यही डर सताता था कि शायद वे कभी आजाद नहीं हो पाएंगे।
महेश भट्ट ने किया था चौंकाने वाला खुलासा
फिल्म निर्माता महेश भट्ट ने एक इंटरव्यू में दावा किया था- कि उन्होंने मुंबई के मसीना अस्पताल के मनोरोग वार्ड में राज किरण से मुलाकात की थी। उनके मुताबिक उस समय राज किरण बेहद उदास, चुप और मानसिक रूप से टूटे हुए नजर आ रहे थे। महेश भट्ट ने यह भी कहा- कि फिल्म इंडस्ट्री ने उन्हें दोबारा काम दिलाने की कोशिश जरूर की, लेकिन मानसिक बीमारी की खबरों के बाद लोग उनसे दूरी बनाने लगे।
बताया जाता है कि बाद में राज किरण अपने भाई के पास अमेरिका चले गए। इसके बाद साल 2003 के आसपास वे अचानक लापता हो गए। तब से लेकर आज तक उनके बारे में कोई आधिकारिक रिकॉर्ड या पुष्टि सामने नहीं आई है।
वहीं साल 2011 में अभिनेता ऋषि कपूर ने अमेरिका यात्रा के दौरान दावा किया था कि राज किरण के भाई गोविंद ने उन्हें बताया है कि अभिनेता जीवित हैं और अटलांटा के एक संस्थान में रह रहे हैं। ऋषि कपूर ने यह भी कहा था कि राज किरण वहीं काम करते हैं और अपने पुराने निवेश की वजह से आर्थिक रूप से सुरक्षित हैं। हालांकि, यह दावा ज्यादा समय तक कायम नहीं रह सका। और राज किरण की बेटी ऋषिका ने इसे पूरी तरह खारिज करते हुए कहा- कि उनके पिता अटलांटा में नहीं हैं। उन्होंने बताया कि परिवार कई वर्षों से उनकी तलाश कर रहा है।
अब अभिनेत्री और सामाजिक कार्यकर्ता सोमी अली ने एक बार फिर राज किरण के रहस्यमयी ढंग से लापता होने के मामले को सुर्खियों में ला दिया है। करीब दो दशक बीत जाने के बाद भी राज किरण का लापता होना बॉलीवुड के सबसे बड़े अनसुलझे रहस्यों में से एक माना जाता है। समय-समय पर उनके जीवित होने के दावे सामने आते रहे हैं। लेकिन अब तक किसी भी दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
Read Also:डॉन 3: Ranveer Singh और farhan akhtar के विवाद में कूदे सलमान, अब कराएंगे सुलह


