Sawan Vrat Drinks: सावन का महीना बारिश की हल्की-हल्की फुहारों के साथ भगवान शिव की भक्ति के लिए जाना जाता है। यह पवित्र महीना विशेष रूप से सोमवार के व्रत के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। इस दौरान लाखों शिवभक्त उपवास रखकर भगवान भोलेनाथ की आराधना करते हैं। और उनका आशीर्वाद प्राप्त करने की कामना करते हैं।
हालांकि, लंबे समय तक खाली पेट रहने और पर्याप्त मात्रा में पानी न पीने की वजह से शरीर में कमजोरी, थकान और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याएं हो सकती हैं। ऐसे में व्रत के दौरान सही पेय पदार्थों का सेवन करना बेहद जरूरी हो जाता है। यदि आप भी सावन सोमवार का व्रत रख रहे हैं और पूरे दिन खुद को हाइड्रेटेड, एनर्जेटिक व तरोताजा बनाए रखना चाहते हैं, तो अपनी व्रत की डाइट में इन हेल्दी और रिफ्रेशिंग ड्रिंक्स को जरूर शामिल करें।
नारियल पानी
सावन के व्रत में शरीर को हाइड्रेटेड और ऊर्जावान बनाए रखने के लिए नारियल पानी एक बेहतरीन प्राकृतिक पेय माना जाता है। क्योंकि इसमें मौजूद इलेक्ट्रोलाइट्स, पोटैशियम, मैग्नीशियम और अन्य आवश्यक खनिज शरीर में पानी की कमी को पूरा करने में मदद करते हैं। जिससे लंबे समय तक उपवास रखने के दौरान यह थकान और कमजोरी को कम करने के साथ शरीर को तुरंत ताजगी का एहसास कराने में मदद करता है।
बादाम का दूध
बादाम का दूध प्रोटीन, विटामिन E और कैल्शियम से भरपूर पेय पदार्थ है जो हमारे शरीर को ताकत देने के साथ-साथ थकान और कमजोरी को दूर रखने में मदद करता है। आप इसका नॉर्मल या ठंडा दोनों तरह से सेवन कर सकते है केसर, इलायची और कटे हुए बादाम मिलाने से इसका स्वाद और सुगंध कई गुना बढ़ जाती है। साथ ही इसका पोषण भी बढ़ता है। व्रत के दौरान एक गिलास बादाम का दूध आपको लंबे समय तक एनर्जेटिक, संतुष्ट और तरोताजा महसूस कराने में मदद कर सकता है।
मीठी लस्सी
सावन व्रत के दौरान मीठी लस्सी शरीर को ठंडक पहुंचाने और लंबे समय तक ऊर्जावान बनाए रखने के लिए एक बेहतरीन विकल्प है ताजी दही, थोड़ी सी चीनी या मिश्री और इलायची से तैयार यह ड्रिंक स्वादिष्ट होने के साथ-साथ पौष्टिक भी होती है। दही में मौजूद प्रोबायोटिक्स पाचन तंत्र को स्वस्थ रखने में मदद करते हैं, जबकि इसकी प्राकृतिक ठंडक शरीर को तरोताजा महसूस कराती है।
मखाना मिल्कशेक
अगर आप सावन के व्रत में कुछ हेल्दी, स्वादिष्ट और पेट भरने वाला पेय पदार्थ ढूंढ रहे है तो मखाना मिल्कशेक एक शानदार विकल्प हो सकता है। इसके लिए हल्के भुने हुए मखानों को ठंडे दूध, खजूर या मिश्री और एक चुटकी इलायची के साथ ब्लेंड करके क्रीमी शेक तैयार कर सकते है। मखाना प्रोटीन, कैल्शियम और एंटीऑक्सीडेंट्स का अच्छा स्रोत माना जाता है, जबकि दूध शरीर को आवश्यक पोषण और ऊर्जा प्रदान करता है।
बनाना शेक
व्रत के दौरान शरीर को भरपूर ऊर्जा और जरूरी पोषण देने के लिए बनाना शेक एक हेल्दी और स्वादिष्ट ड्रिंक है। पके हुए केले को ठंडे दूध, शहद या मिश्री और थोड़ी-सी इलायची के साथ ब्लेंड करके तैयार किया गया यह शेक लंबे समय तक पेट भरा हुआ महसूस कराता है। केले में मौजूद पोटैशियम, प्राकृतिक शुगर और फाइबर शरीर को तुरंत ऊर्जा देने के साथ-साथ थकान और कमजोरी को दूर रखने में मदद करते है।
Read Also:बरसात के मौसम में लदकर खिलेंगे रंग-बिरंगे फूल, बस लगाएं ये 5 खूबसूरत पौधे, घर भी लगेगा महकने


