CM Yogi In Kushinagar: उत्तर प्रदेश में योगी सरकार का नाम बदलने का सिलसिला जारी है। मंगलवार को कुशीनगर जिले के फाजिलनगर कस्बे का नाम बदल दिया गया। फाजिलनगर अब ‘पावागढ़’ के नाम से जाना जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसकी घोषणा करते हुए कहा कि, यह भूमि भगवान महावीर की महापरिनिर्वाण भूमि है। प्राचीन ग्रंथों में इसे ‘पावागढ़’ या ‘पावा’ के नाम से जाना जाता था। क्यों हम फाजिल कहेंगे? भगवान महावीर के साथ पावागढ़ का नाम जुड़ना चाहिए। इससे पहले बीते साल नवंबर महीने में इसी स्थान के लिए ‘पावा नगरी’ नाम का ऐलान किया गया था।
नवंबर, 2025 में गाजियाबाद के मुरादनगर में एक जैन धार्मिक कार्यक्रम में फाजिलनगर का नाम 'पावा नगरी' करने की घोषणा की थी और कहा था कि सरकार ने नामकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अब 2 जून, 2026 को उन्होंने इसे 'पावागढ़' नाम दिया। प्रशासनिक प्रक्रिया अभी जारी है। केंद्र सरकार की अधिसूचना के बाद ही नाम आधिकारिक रूप से बदलेगा। सरकार का कहना है कि यह जगह प्राचीन काल में दो मल्ल गणराज्यों में से एक की राजधानी 'पावा' थी और जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर ने यहीं महापरिनिर्वाण प्राप्त किया था।
इलाहाबाद से लेकर झांसी तक नाम परिवर्तन
साल 2017 में योगी सरकार बनने के बाद कई प्रमुख स्थानों का नाम बदला गया है। साल 2018 में सरकार ने इलाहाबाद का नाम प्रयागराज किया था, और फैजाबाद जिले का नाम बदलकर अयोध्या रखा गया था। इससे पहले देश के चौथे सबसे व्यस्त जंक्शनों में से एक मुगलसराय रेलवे जंक्शन का नाम अगस्त 2018 में पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन रखा गया था। इसके अलावा झांसी रेलवे स्टेशन का नाम भी वीरांगना लक्ष्मीबाई के नाम पर रखा गया। अब फाजिलनगर का नाम बदल दिया गया है।
Read Also: Health: रोजाना सुबह खाली पेट खाएं कच्चा पपीता, चमत्कारिक फायदे कर देंगे हैरान
इस दौरान सीएम योगी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार समान वर्ग का समान विकास कर रही है। प्रदेश में सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है। मेडिकल कॉलेज और एयरपोर्ट बन रहे हैं। विदेशी आक्रांता ने 498 साल पहले भगवान राम का मंदिर तोड़ा था आज वह राम मंदिर फिर से बन गया है। विपक्षी पार्टियों ने कभी राम मंदिर का सपना पूरा नहीं होने दिया लेकिन आपने बीजेपी को जीताकर भेजा इसलिए भगवान का भव्य मंदिर संपन्न हो पाया।
