Sawan 2026: महादेव के ऐसे 5 प्रसिद्ध मंदिर, जहां हर साल लाखों श्रद्धालु करते हैं जलाभिषेक

shiv_3B4-8CVOe.jpg

Lord Shiv Temple: सावन का पवित्र महीना भगवान शिव को समर्पित माना जाता है। देशभर के शिव मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ती है और श्रद्धालु भगवान शिव का जलाभिषेक कर उनका आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। सावन के महीने में हरिद्वार की रौनक तो आपने देखी ही होगी, जहां कांवड़ियों और भक्तों की लंबी-लंबी कतारें नजर आती हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि हरिद्वार के अलावा भारत में ऐसे कई पवित्र धाम भी है। जहां सावन के महीने में भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिलती है और भक्त भक्ति में सराबोर नजर आते हैं। अगर आप भी इस सावन महादेव के इन पवित्र धामों के दर्शन का प्लान बना रहे हैं, तो आइए जानते हैं देश के उन 5 प्रसिद्ध शिव मंदिरों के बारे में, जहां हर साल लाखों श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचते हैं, और भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।

केदारनाथ मंदिर, उत्तराखंड

बर्फ की चादर से ढका प्रसिद्ध बाबा केदारनाथ मंदिर श्रद्धा, आध्यात्मिकता और प्राकृतिक सौंदर्य का अद्भुत संगम है। चार धामों में शामिल केदारनाथ धाम भगवान शिव को समर्पित है। सावन के महीने में यहां दर्शन और पूजा का विशेष महत्व है। मान्यता है कि बाबा केदार के दर्शन करने से जीवन की परेशानियां दूर होती हैं और मन को शांति मिलती है। यही वजह है कि सावन शुरू होते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के दर्शन करने पहुंचते है।

kedarnath_js5fWqpY0.jpg

महाकालेश्वर मंदिर, उज्जैन

मध्य प्रदेश के उज्जैन में स्थित महाकालेश्वर मंदिर भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक है। इस मंदिर का उल्लेख पुराणों, महाभारत और महाकवि कालिदास की रचनाओं में भी मिलता है। वैसे तो यहां पूरे साल भक्तों की भीड़ रहती है, लेकिन सावन के महीने में इस मंदिर का नजारा और भी खास हो जाता है क्योंकि इस दौरान लाखों श्रद्धालु बाबा महाकाल के दर्शन के लिए आते है। सावन में शिवभक्ति का अनुभव करने के लिए यह एक बेहद खास स्थान है।

बैद्यनाथ धाम, देवघर

झारखंड के देवघर में स्थित बैद्यनाथ धाम सावन के महीने में कांवड़ यात्रा का प्रमुख केंद्र बन जाता है। पूरे सावन यहां लाखों कांवड़िए पवित्र जल लेकर पहुंचते हैं और बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक करते हैं। धार्मिक मान्यता के अनुसार, श्रद्धा और भक्ति के साथ बाबा बैद्यनाथ की पूजा करने से भगवान शिव की कृपा प्राप्त होती है। सावन में यहां का भक्तिमय माहौल और हर-हर महादेव के जयकारे श्रद्धालुओं को आध्यात्मिकता अनुभव कराते हैं।

baidyaath_Eh0rva0Zq.jpg

काशी विश्वनाथ मंदिर, वाराणसी

उत्तर प्रदेश के वाराणसी में स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर भी 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक है। मोक्षदायिनी नगरी काशी में सावन के महीने में इस मंदिर की रौनक देखते ही बनती है। भक्त बाबा विश्वनाथ का गंगाजल से जलाभिषेक करते हैं, और हर-हर महादेव के जयकारों से पूरा वातावरण गूंज उठता है। इसके अलावा गंगा आरती और बनारस का आध्यात्मिक माहौल यात्रा को और अधिक यादगार बना देता है।

सोमनाथ मंदिर, गुजरात

गुजरात में अरब सागर के किनारे स्थित सोमनाथ मंदिर भारत के सबसे प्राचीन और प्रसिद्ध शिव मंदिरों में से एक है। यह मंदिर भी भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों में शामिल है। यह मंदिर अपनी भव्य वास्तुकला और धार्मिक महत्व के लिए दुनियाभर में प्रसिद्ध है। जहां भक्त इस पवित्र धाम के दर्शन करके आध्यात्मिकता का अनुभव करते हैं और सावन के महीने में यहां भी भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिलती हैं। इसके अलावा यहां होने वाली शाम की आरती और लाइट एंड साउंड शो भी पर्यटकों को काफी आकर्षित करता है।

somnath_9RBlglMjT.jpg

Read Also: Delhi Protest: राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अखिलेश यादव हिरासत में लिए गए, PM आवास के बाहर कर रहे थे प्रदर्शन

Read Also: UP Cabinet में ‘रानी लक्ष्मीबाई योजना’ समेत 18 प्रस्ताव मंजूर, 400 करोड़ का बजट निर्धारित, अब मेधावी छात्रों को मिलेगी स्कूटी