Sawan Vrat Recipes: सावन का महीना शुरू होते ही मंदिरों में शिवभक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ती है और सावन माह का यह महीना भगवान शिव की भक्ति के साथ-साथ व्रत और सात्विक भोजन का भी समय होता है। वहीं व्रत के दौरान लोग ऐसे व्यंजनों की तलाश करते है जो स्वादिष्ट होने के साथ शरीर को ऊर्जा भी दें। इसलिए साबूदाना ऐसी ही एक सामग्री है, जो हल्का होने के साथ लंबे समय तक पेट भरा रखने में मदद करता है। साबूदाने से बनी अलग-अलग तरह की रेसिपी का आप भरपूर आनंद भी ले सकते है। ऐसे मे अगर आप भी इस सावन व्रत में कुछ नया और स्वादिष्ट बनाना चाहते हैं, तो साबूदाने से बनने वाली ये रेसिपी जरूर ट्राई करें। तो आइए जानते है उन रेसिपी के बारे में।
साबूदाना खीर
अगर आप मीठा खाने के शौकीन हैं और सावन व्रत के दौरान भी मिठास का आनंद लेना चाहते हैं, तो साबूदाना खीर आपके लिए बेहतरीन विकल्प है। यह स्वाद में लाजवाब होने के साथ-साथ शरीर को जरूरी पोषण भी देती है। दूध से मिलने वाला कैल्शियम और साबूदाने से मिलने वाली ऊर्जा व्रत के दौरान आपको लंबे समय तक एक्टिव बनाए रखने में मदद करती है। साबूदाना खीर बनाने के लिए सबसे पहले भीगे हुए साबूदाने को दूध में धीमी आंच पर पकाएं। जब साबूदाना अच्छी तरह गल जाए, तब इसमें स्वादानुसार चीनी या गुड़, इलायची पाउडर और अपनी पसंद के सूखे मेवे जैसे बादाम, काजू और किशमिश डालें। कुछ मिनट तक पकाने के बाद स्वादिष्ट, पौष्टिक और क्रीमी साबूदाना खीर तैयार हो जाती है।
साबूदाना खिचड़ी
सावन व्रत के दौरान साबूदाना खिचड़ी सबसे पसंदीदा और लोकप्रिय व्यंजनों में से एक मानी जाती है। यह स्वादिष्ट होने के साथ-साथ हल्की और पौष्टिक भी होती है। यह शरीर को तुरंत ऊर्जा देने के साथ-साथ लंबे समय तक पेट भरा रखने में भी मदद करती है। इसे बनाने के लिए भीगे हुए साबूदाने में भुनी हुई मूंगफली, उबले हुए आलू, हरी मिर्च, जीरा और सेंधा नमक मिलाकर हल्का सा भून लें। तैयार होने के बाद ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया और थोड़ा-सा नींबू का रस डालें, जिससे इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है।
साबूदाना भेल
सावन के व्रत के समय साबूदाना भेल एक हल्का, चटपटा और झटपट बनने वाला स्नैक है। इसको बनाने के लिए भीगे हुए साबूदाने में उबले आलू के छोटे-छोटे टुकड़े, भुनी हुई मूंगफली, बारीक कटी हरी मिर्च और हरा धनिया मिलाएं। इसके बाद इसमें सेंधा नमक, भुना जीरा पाउडर और ताजा नींबू का रस डालकर अच्छी तरह मिक्स करें। आप अगर चाहें तो स्वाद बढ़ाने के लिए थोड़ा सी काली मिर्च पाउडर और अनार के दाने भी मिला सकते हैं। यह स्वादिष्ट, हल्का और पौष्टिक व्रत स्पेशल स्नैक कुछ ही मिनटों में तैयार हो जाता है।
साबूदाना डोसा
अगर आप व्रत में हल्का, स्वादिष्ट और आसानी से पचने वाला भोजन चाहते हैं। तो साबूदाना डोसा एक अच्छा विकल्प है। इसके लिए भीगे हुए साबूदाने, सामा (सांवा) के चावल और दही को मिलाकर मुलायम घोल तैयार करें। चाहें तो इसमें थोड़ा सेंधा नमक, हरी मिर्च, जीरा और अदरक भी मिला सकते हैं इसके बाद गर्म तवे पर थोड़ा घी लगाकर पतला डोसा फैलाएं और दोनों तरफ से सुनहरा व कुरकुरा होने तक सेंक लें। तैयार साबूदाना डोसा को आप नारियल की चटनी, मूंगफली की चटनी या व्रत वाली हरी चटनी के साथ खा सकते है।
Read Also:Lifestyle: ऑफिस की थकान के बाद भी बनेगा स्वादिष्ट डिनर, बस ट्राई करें ये आसान रेसिपीज
साबूदाना वडा
अगर आप सावन के व्रत में कुछ कुरकुरा, क्रिस्पी और स्वाद से भरपूर खाना चाहते हैं। तो साबूदाना वडा एक बेहतरीन विकल्प है। इसे बनाने के लिए भीगे हुए साबूदाने में उबले आलू, भुनी हुई मूंगफली का चूरा, बारीक कटी हरी मिर्च, हरा धनिया, सेंधा नमक और चाहें तो थोड़ा-सा कद्दूकस किया हुआ अदरक मिलाकर अच्छी तरह गूंध लें। इसके बाद छोटे-छोटे वड़े या टिक्की का आकार देकर धीमी से मध्यम आंच पर सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें।इन्हें आप व्रत वाली हरी चटनी, मीठी दही या मूंगफली की चटनी के साथ खा सकते है।
Read Also:कचोरी-पकौड़े भूल जाएंगे, मानसून में एक बार ट्राई करिए मिनी समोसा, चाय का स्वाद हो जाएगा दोगुना


