Ind vs Eng T20: आयरलैंड के खिलाफ दो टी-20 मैचों की सीरीज हारने के बाद भारतीय टीम अभी आलोचकों के निशाने पर है। अब भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी-20 सीरीज का आगाज होने जा रहा है। सीरीज का पहला मुकाबला एक जुलाई को चेस्टर-ले-स्ट्रीट के रिवरसाइड ग्राउंड में खेला जाएगा। पिछली सीरीज हार के बाद भारतीय टीम में कुछ बदलाव संभव है और यह बदलाव बल्लेबाजी से लेकर गेंदबाजी तक किए जा सकते हैं।
पिछले काफी समय से एक नाम चर्चा में है वैभव सूर्यवंशी। आयरलैंड के खिलाफ वैभव को डेब्यू करने का मौका नहीं मिला लेकिन इंग्लैंड के खिलाफ डेब्यू की पूरी संभावना है। 15 साल के इस युवा को ओपनिंग का जिम्मा मिल सकता है। माना जा रहा है कि यह फैसला विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन पर भारी पड़ सकता है। संजू टी-20 विश्वकप 2026 में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे थे। लेकिन, आयरलैंड के खिलाफ दोनों मुकाबलों में वह बुरी तरह से फ्लॉप थे और पहले मैच में 5 और दूसरे में बिना खाता खोले वह पवेलियन लौट गए।
हालांकि, साथी ओपन ईशान किशन ने भी कोई दमदार पारी नहीं खेली। ईशान पहले मैच में एक और दूसरे मैच में 12 रन बनाए। पहले मैच में संजू सैमसन ने कीपिंग की जिम्मेदारी संभाली लेकिन दूसरे मैच में ईशान ने विकेटकीपिंग की थी। अब ऐसे में सवाल यही है कि अगर वैभव को खिलाया जाता है तो किसे बाहर किया जाएगा। अगर टीम मैनेजमेंट टॉप ऑर्डर में तीन लैफ्टी बल्लेबाजों को खिलाना चाहता है तो ऐसे में संजू को बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा नहीं तो ईशान को ओपनिंग से बाहर किया जा सकता है।
सुंदर की वापसी संभव
उधर, तेज गेंदबाजी में बदलाव की संभावना ना के बराबर है। आयरलैंड के खिलाफ डेब्यू करने वाले सूर्यांश शेड्गे की जगह पर सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं क्योंकि वह गेंद और बल्ले दोनों से कोई प्रभाव नहीं छोड़ पा रहे थे। ऐसे में अनुभवी वांशिंगटन सुंदर की वापसी पक्की दिखाई दे रही है। हालांकि, वह भी पिछली सीरीज में कोई खास कमाल नहीं कर पाए थे।
भारत की संभावित प्लेइंग XI:
अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (WK), श्रेयस अय्यर (C), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और प्रिंस यादव।
