ODI WC 2027 Date: अगले साल वनडे विश्वकप का आयोजन 2027 में किया जाएगा। इस टूर्नामेंट में 14 टीमें भाग लेंगी। अभी तक यह नहीं पता था कि यह टूर्नामेंट कब से कब तक खेला जाएगा, लेकिन अब इसकी तारीखें सामने आ गई हैं। यह विश्वकप अक्टूबर से लेकर नवबंर तक खेला जाएगा। हालांकि, आईसीसी ने तारीखों का ऐलान अभी नहीं किया है। माना जा रहा है कि जल्द ही आईसीसी आधिकारिक शेड्यूल को जारी कर देगी। जुलाई में ही आईसीसी की एक एजीएम है, इसमें कई बड़ी बातें सामने आ सकती हैं।
तीन देश करेंगे मेजबानी
एकदिवसीय विश्वकप की मेजबानी तीन देश करने जा रहे हैं। यह टूर्नामेंट साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में खेला जाएगा। विश्वकप के लिए सभी देशों ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी है। पता चला है कि इस आईसीसी टूर्नामेंट का आयोजन चार अक्टूबर से 21 नवंबर तक चल सकता है। ईएसपीएन क्रिकइन्फो की रिपोर्ट के अनुसार, आईसीसी की मई में अहमदबाद में एक मीटिंग हुई थी, उसी में तारीखों पर सहमति बन गई थी। इसके अलावा इस क्रिकेट महाकुंभ को भले ही तीन देशों में आयोजित किया जाएगा लेकिन सबसे ज्यादा मैच दक्षिण अफ्रीका में खेले जाएंगे। यह मैच 8 मैदानों पर खेले जाएंगे। टूर्नामेंट के कुछ मुकाबले नामीबिया और जिंबाब्वे में खेले जाएंगे।
आईसीसी के इस इवेंट में कुल मिलाकर 54 मुकाबले खेले जाएंगे। इसमें से 41 मैच साउथ अफ्रीका में होने की बात सामने आ रही है। जिम्बाब्वे में आठ से दस मैच और नामीबिया को तीन मैच देने पर विचार चल रहा है। जिम्बाब्वे में तीन वेन्यू पर मैच कराए जा सकते हैं। साल 2003 के बाद पहली बार ऐसा हो रहा है कि आईसीसी विश्व कप साउथ अफ्रीका में आयोजित कराया जा रहा है।
14 टीमें लेंगी भाग
इस एकदिवसीय विश्वकप की खास बात यह रहने वाली है, इसमें कुल मिलाकर 14 टीमें हिस्सा लेंगी। इससे पहले जब साल 2023 में भारत में विश्वकप का आयोजन हुआ था, तब 10 टीमों ने प्रतिभाग किया था। लेकिन, इस बार सात-सात के दो ग्रुप में टीमों को बांटा जाएगा। साल 2003 के बाद सुपर सिक्स की भी वापसी हो रही है। इस टूर्नामेंट के लिए साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे ने मेजबान होने के नाते पहले ही अपनी जगह पक्की कर ली है, लेकिन नामीबिया को क्वालीफिकेशन राउंड खेलने पड़ रहे हैं, क्योंकि वो आईसीसी का फुल मैंबर नहीं है। कयास लगाए जा रहे हैं कि वह भी विश्वकप खेलने के लिए क्वालीफाई कर लेगा।
