Rajyasabha Chunav 2026 BJP Condidate List: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने आगामी राज्यसभा चुनाव को लेकर अपने प्रत्याशियों के नाम का ऐलान कर दिया। पार्टी ने मध्य प्रदेश, गुजरात, राजस्थान और अरुणाचल प्रदेश समेत कई राज्यों में खाली हुई सीटों पर प्रत्याशी उतारे हैं। राजस्थान से सतीश पूनिया, मध्य प्रदेश से तरुण चुग और गुजरात से मानसिंह परमार समेत 11 प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की है।
राज्यसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियों को तेज करते हुए उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है। पार्टी ने अलग-अलग राज्यों से कई अनुभवी नेताओं और क्षेत्रीय प्रतिनिधियों को मौका देकर साफ संकेत दिया है कि उसका फोकस केवल मौजूदा सीटें बचाने पर नहीं, बल्कि उच्च सदन में अपनी पकड़ को और मजबूत करने पर भी है।
जारी लिस्ट में कई ऐसे नाम शामिल हैं, जो लंबे समय से संगठन और राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। पंजाब बीजेपी के वरिष्ठ नेता तरुण चुग को मध्य प्रदेश से प्रत्याशी बनाया गया है। उनके साथ राज्य से राजनीश अग्रवाल को भी टिकट मिला है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि संगठन में लंबे अनुभव रखने वाले नेताओं को राज्यसभा भेजकर पार्टी संसद में अपनी रणनीतिक ताकत बढ़ाना चाहती है।
पूर्वोत्तर भारत पर भी बीजेपी ने विशेष ध्यान दिया है। अरुणाचल प्रदेश से ताई टागक और मणिपुर से शारदा देवी को उम्मीदवार बनाकर पार्टी ने क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व को महत्व देने का संदेश दिया है। इससे ये भी संकेत मिलता है कि बीजेपी पूर्वोत्तर राज्यों में अपनी राजनीतिक मौजूदगी को और मजबूत करने के प्रयास में है। बीते लोकसभा चुनाव में पूर्वोत्तर राज्यों में बीजेपी को काफी सीटें मिली थी।
Read Also: Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी से राहत, IMD ने जारी किया दो दिनों के लिए अलर्ट
इसके अलावा पार्टी ने गुजरात में चार प्रत्याशियों पर दांव खेला है। इनमें राजुभाई शुक्ला, मुकेश भाई राठवा, मानसिंह परमार और जितेंद्र मेघजी भाई कंजारिया शामिल हैं। गुजरात बीजेपी का मजबूत गढ़ माना जाता है और यहां पार्टी के प्रत्याशियों की जीत लगभग तय मानी जा रही है। इसी तरह राजस्थान से अलका गुर्जर और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया को मैदान में उतारा है। सतीश पूनिया का नाम सामने आने के बाद राजस्थान की राजनीति में भी नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। सतीश पूनिया ने राजस्थान में बीजेपी के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं।
इसके अलावा ओडिशा में राज्यसभा उपचुनाव के लिए बीजेपी ने देबाशीष सामंतराय को उम्मीदवार बनाया है। सामंतराय हाल ही में बीजू जनता दल (बीजेडी) छोड़कर बीजेपी के करीब आए थे। ऐसे में उनका उम्मीदवार बनाया जाना राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे बीजेपी ने ये संदेश भी देने की कोशिश की है कि वो ओडिशा में अपने प्रभाव का विस्तार करने के लिए नए समीकरण बनाने को तैयार है। लोकसभा और विधानसभा चुनाव में बीजेपी शानदार प्रदर्शन कर इसकी बानगी पेश कर चुकी है।
Read Also: भारत दौरे पर डोनाल्ड ट्रंप की लाडली टिफनी, पति संग अक्षरधाम मंदिर देख हुई मंत्रमुग्ध


