Hamirpur Hadsa: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में शुक्रवार सुबह बड़ा दर्दनाक हादसा हो गया। तेज आंधी-तूफान के कारण नदी का निर्माणाधीन पुल गिर गया। जिससे मलबे में दबने से कई लोगों की दर्दनाक मौत हो गई और कई अन्य की दबने की आशंका जताई जा रही है। सूचना पाकर पहुंचा स्थानीय प्रशासन रेस्क्यू ऑपरेशन में जुट गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बेतवा नदी पर पुल का निर्माण कराया जा रहा था और तेज आंधी-तूफान में पुल का हिस्सा भरभराकर गिर गया। ऐसे में नीचे काम कर रहे 6 लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में अन्य कई लोगों की नीचे दबे होने की आशंका जताई जा रही है। ये पूरी घटना कुरारा थाना क्षेत्र के निर्माणाधीन कंडौर मोराकांदर पुल की बताई जा रही है।
जिले में पुल हादसे की सूचना मिलने के बाद प्रशासन मौके पर पहुंचा। रेस्क्यू टीम पुल का मलबा हटाने में जुटी हुई है। एसडीआरएफ (SDRF) की टीम भी मौके पर पहुंची हुई है। घटनास्थल पर एसडीएम सीओ सहित कई थानों की पुलिस फोर्स मौजूद है।
बता दें कि, राज्यसभा सांसद बाबूराम निषाद की पहल पर दो साल पहले ललपुरा के मोरकांदर और कुरारा के कंडोर के मध्य नए पुल का निर्माण शुरू हुआ था। जिसको लेकर कई करोड़ रुपए खर्च हो चुके हैं। शुक्रवार सुबह निर्माणाधीन पुल के नीचे लोग गुजर रहे थे लेकिन तेज हवा के कारण पुल का हिस्सा गिर गया।
सीएम ने किया मुआवजा का ऐलान
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे का तत्काल संज्ञान लिया। हादसे में हुई मृत्यु पर मुख्यमंत्री ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की और वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचने और प्रशासन को राहत बचाव कार्य को तेज करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही अधिकारियों को घायलों का उचित इलाज करवाने, मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने के लिए और मृतकों के परिजनों से संवाद बनाकर हर संभव सहायता उपलब्ध करवाने के लिए निर्देश दिए गए हैं। पुल हादसे पर उन्होंने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपए और घायलों के लिए 50 हजार रुपए की आर्थिक मदद की घोषणा की है।
Read Also: Weather Update: झुलसाती गर्मी से अब मिलेगी राहत, कल से तीन दिन जमकर बरसेंगे बादल, IMD ने दी जानकारी
