कचोरी-पकौड़े भूल जाएंगे, मानसून में एक बार ट्राई करिए मिनी समोसा, चाय का स्वाद हो जाएगा दोगुना

image
Mini Samosa

Mini Samosa Recipe: मानसून की बरसात शुरू होते ही मौसम सुहावना हो जाता है और साथ ही खाने-पीने की क्रेविंग भी बढ़ जाती है। बारिश के साथ गरमागरम और चटपटा खाने का मन करना बिल्कुल आम बात है। लेकिन अक्सर लोग समझ नहीं पाते कि इस मौसम में क्या ऐसा खाएं जो स्वादिष्ट भी हो और जल्दी घर पर आसानी से तैयार हो सके।

अगर आप भी आलू-प्याज के पकौड़े और कचौरी खाकर बोर हो चुके हैं और अपनी चाय के साथ कुछ कुरकुरा और स्वादिष्ट खाने की इच्छा रखते हैं। तो हम आपको बताने जा रहे हैं बाजार जैसे मिनी समोसे जो आपके लिए एक बेहतरीन विकल्प हो सकते हैं। क्योंकि मिनी समोसे न सिर्फ देखने में आकर्षक लगते हैं, बल्कि उनका कुरकुरा स्वाद बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को खूब पसंद आता है।

इसकी खास बात यह है कि इन्हें बनाने के लिए किसी खास सामग्री की जरूरत नहीं होती, और आप घर में मौजूद सामान्य सामानों की मदद से बाजार जैसा स्वाद तैयार कर सकते हैं। घर में कोई मेहमान आने वाला हो या फिर आप अपने परिवार के साथ शाम की चाय को थोड़ा खास बनाना चाहते हैं तो जरूर ट्राई करें, बाजार जैसे मिनी समोसे। इन्हें आप हरी चटनी, इमली की खट्टी- मीठी चटनी या फिर टमाटर चटनी के साथ परोसकर स्वाद को दोगुना कर सकते हैं। नोट कर लीजिए यह आसान सी मिनी समोसा रेसिपी।

मिनी समोसे बनाने के लिए सामग्री...

मैदा 2 कप

4 बड़े चम्मच तेल या घी

स्वादानुसार नमक

जरूरत अनुसार पानी

(स्टाफिंग के लिए)

3 उबले आलू (मैश किए हुए)

 ½ कप उबली हुई मटर

1 छोटा चम्मच जीरा

1 छोटा चम्मच सौंफ

1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर

½ छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर

½ छोटा चम्मच हल्दी

½ छोटा चम्मच गरम मसाला

1 छोटा चम्मच अमचूर पाउडर

कटा हुआ धनिया और हरी मिर्च

नमक स्वादानुसार

फ्राई करने के लिए तेल

मिनी समोसे बनाने की विधि...

मिनी समोसा बनाने के लिए सबसे पहले एक कड़ाही में थोड़ा सा तेल गरम करें। फिर इसमें जीरा और सौंफ डालकर हल्का भून लें। अब बारीक कटी हुई हरी मिर्च डालें और फिर मैश किए हुए आलू व मटर मिला दें। इसके बाद सभी मसाले और नमक डालकर 3-4 मिनट तक अच्छी तरह भूनते हुए स्टफिंग तैयार करें। अंत में हरा धनिया मिलाकर गैस बंद कर दें और मिश्रण को ठंडा होने दें।

Read Also: Lifestyle: बरसात में हेयर फॉल दे रही है टेंशन, तो इन तरीकों से पाएं घने और नेचुरल शाइनी बाल

इसके बाद एक बड़े बर्तन में मैदा, नमक और तेल या घी डालकर अच्छी तरह मिला लें। अगर आप चाहे तो इसमें अजवाइन भी शामिल कर सकते हैं। अब इस मिश्रण में थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए सख्त आटा गूंथ लें। इसे 20 से 25 मिनट तक ढ़ककर रख दें ताकि वह अच्छी तरह सेट हो जाए। फिर आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाकर पतली पूरी बेलें। पूरी को बीच से काटकर कोन का आकार दें।

तैयार आलू की स्टफिंग भरें और किनारों को पानी की मदद से अच्छी तरह बंद कर दें। सभी मिनी समोसे तैयार होने के बाद कड़ाही में मिडियम आंच पर तेल गरम करें और उन्हें धीमी आंच पर सुनहरा व कुरकुरा होने तक तलें। ध्यान रखें कि समोसों को तेज आंच पर न तलें, क्योंकि इससे वे बाहर से जल्दी सिक जाएंगे लेकिन उनकी परत बाजार जैसी क्रिस्पी नहीं बनेगी। क्रिस्पी मिनी समोसे बनाने के बाद चाय या फिर खट्टी मीठी चटनी के साथ गरमा-गरम परोसें।

Read Also: Health: बिना नॉन-वेज खाए भी प्रोटीन की कमी होगी छूमंतर, बस इन फूड्स को बनाए अपनी डाइट का हिस्सा

Read Also: Health: स्वाद के साथ सेहत का भी खजाना है केले की खीर, घर पर मिनटों में ऐसे करें तैयार, हर कोई करेगा तारीफ