Health : बारिश के मौसम में बीमारियों से बचाएगा तुलसी, काली मिर्च और लौंग का काढ़ा, जानिए फायदे और बनाने का सही तरीका

image
Tulsi,black pepper and laung kadha

Tulsi And Black Pepper kadha: बरसात का मौसम गर्मी से राहत तो देता है, लेकिन इसके साथ वायरल संक्रमण, सर्दी-जुकाम, खांसी, गले में खराश जैसी मौसमी बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। क्योंकि बदलते मौसम में शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता (इम्यूनिटी) कमजोर पड़ने लगती है, जिससे संक्रमण का जोखिम बढ़ जाता है। ऐसे में आयुर्वेद में बताए गए कुछ पारंपरिक घरेलू उपाय शरीर को स्वस्थ रखने में मददगार माने जाते हैं। इन्हीं में से एक है तुलसी, काली मिर्च और लौंग का काढ़ा। यह काढ़ा लंबे समय से मौसमी बीमारियों से बचाव और शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए इस्तेमाल किया जाता रहा है। तो आइए जानते हैं इसके फायदे, इसे बनाने की आसान विधि और सेवन के सही तरीकों के बारे में।

इम्यूनिटी बढ़ाने में मददगार

तुलसी को आयुर्वेद में औषधीय गुणों से भरपूर पौधा माना गया है। क्योंकि इसमें एंटीऑक्सीडेंट, एंटीबैक्टीरियल और एंटीवायरल गुण पाए जाते हैं, जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाने में मदद कर सकते हैं। सीमित मात्रा में इसका नियमित सेवन मौसमी संक्रमण के खतरे को कम करने में सहायक माना जाता है।

सर्दी-जुकाम और खांसी में दिलाए राहत

बारिश के मौसम में सर्दी-जुकाम और खांसी की समस्या एक आम बात है। वहीं काली मिर्च में मौजूद पाइपरीन (Piperine) शरीर को अंदर से गर्म रखने में मदद करती है। साथ ही यह गले में जमा बलगम को ढीला कर खांसी से राहत दिलाने में भी सहायक हो सकती है। वहीं तुलसी गले की खराश, बंद नाक और हल्के संक्रमण में आराम पहुंचाने का काम करती है।

गले के दर्द और संक्रमण में फायदेमंद

लौंग में एंटीसेप्टिक और एंटी-इन्फ्लेमेटरी गुण मौजूद होते हैं। जोकि गले के दर्द, सूजन और संक्रमण से राहत दिलाने में मददगार मानी जाती है। इसलिए मौसम बदलने पर होने वाली गले की परेशानियों में इसका सेवन लाभदायक माना जाता है।

पाचन को रखे बेहतर

मानसून के दौरान अक्सर अपच, गैस और पेट से जुड़ी समस्याएं बढ़ जाती हैं। काली मिर्च पाचन क्रिया को बेहतर बनाने में मदद करती है, जबकि यह काढ़ा भोजन के पाचन को भी आसान बनाने में सहायक हो सकता है।

Read Also:Health: सोने से पहले नहीं करना चाहिए इन चीजों का सेवन, नींद और स्वास्थ्य दोनों हो जाएंगे खराब

ऐसे बनाएं तुलसी, काली मिर्च और लौंग का काढ़ा

तुलसी,काली मिर्च और लौंग का काढ़ा बनाने के लिए सबसे पहले एक पैन में लगभग 2 कप पानी उबाल लें। अब इसमें 8-10 तुलसी की पत्तियां, 4-5 कुटी हुई काली मिर्च और 2-3 लौंग डाल दें। इस मिश्रण को धीमी आंच पर 8 से 10 मिनट तक पकाएं। जब पानी लगभग आधा रह जाए, तब इसे छान लें। आप चाहें तो अपने स्वाद के अनुसार इसमें थोड़ा शहद या गुड़ मिला सकते हैं।

कब और कितना पिएं?

मानसून के दौरान दिन में एक बार गुनगुना काढ़ा पीना पर्याप्त माना जाता है। इसका अधिक मात्रा में सेवन करने से बचें, क्योंकि जरूरत से ज्यादा सेवन कुछ लोगों में पेट या शरीर में गर्मी बढ़ा सकता है। गर्भवती महिलाएं, छोटे बच्चे, बुजुर्ग या किसी गंभीर बीमारी से पीड़ित लोग इसका नियमित सेवन शुरू करने से पहले डॉक्टर या आयुर्वेद विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें।

Read Also:Health: सावधान! बारिश में बढ़ जाता है इन 5 बीमारियों का खतरा, जानिए लक्षण और बचाव के आसान उपाय