Delhi Firing: पंजाब और बॉलीवुड के मशहूर गायक गुरु रंधावा इस समय लॉरेंस बिश्नोई गैंग के निशाने पर हैं। गुरुवार को सुबह दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में स्थित उनके एक जिम पर फायरिंग की गई। फायरिंग के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। वहीं एक ऑडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें गुरु रंधावा को धमकियां मिली हैं।
घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि सुबह के वक्त जिम पर ताबड़तोड़ फायरिंग हुई। बाइक सवार बदमाशों ने जिम पर सात राउंड गोलियां चलाई और मौके से फरार हो गए। हालांकि, इस पूरे वारदात में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। सुबह गोलियों की गूंज से इलाके में दहशत फैल गई। जिम के आस पास के लोग इधर-उधर भागने लगे।
पुलिस के मुताबिक, पश्चिमी दिल्ली के पश्चिमी बिहार इलाके में 24 आवर्स फिटनेस जिम के बाहर हमलावर सुबह करीब 4 बजे बाइक पर आए थे, जिसके बाद सात राउंड गोलियां चलाने के बाद मौके से फरार हो गए। गोलियों की आवाज से इलाके में दहशत फैल गई। गोलीबाजी के बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लिया और जांच में जुट गई।
वायरल ऑडियो में धमकी
बता दें कि, वारदात के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें कथित तौर पर लारेंस गैंग ने हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया। एक ऑडियो क्लिप भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई। वायरल आडियो में खुद को बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताने वाला अनिल पंडित नामक व्यक्ति कथित रूप से यह कहता सुनाई दे रहा है कि गुरु रंधावा के जिम पर फायरिंग इसलिए कराई गई क्योंकि उसकी अभिनेता सलमान खान से नजदीकियां बढ़ रही थी और सलमान खान हमारे गैंग का दुश्मन है। पुलिस और फोरेंसिक टीमें वायरल आडियो की जांच कर रही है।
सलमान के करीबियों पर हमला
गौरतलब है कि, काला हिरण शिकार मामले को लेकर लंबे समय से लारेंस बिश्नोई गैंग सलमान खान के पीछे पड़ा है। एक्टर को कई बार मारने की धमकी मिल चुकी है। उनके घर के बाहर भी फायरिंग हुई थी जिसके बाद उनके घर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। लेकिन अब सलमान के करीबियों पर हमला हो रहा है। महाराष्ट्र में अक्टूबर 2024 में सलमान के करीबी माने जाने वाले एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
