Delhi NCR Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में 40 डिग्री से पार तापमान का सामना कर रहे लोगों के लिए खुश होने वाली खबर सामने आई है। अब दिल्ली-एनसीआर में अगले 48 घंटों तक मौसम सुहावना रहेगा और रिमझिम बारिश होगी। पहाड़ी इलाकों में बदले मौसम के मिजाज का असर अब मैदानी इलाकों में भी दिखाई दे रहा है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार और बुधवार को तेज गरज चमक के साथ बारिश होगी। आसमान में बादल छाए रहेंगे। गौरतलब है कि, कई दिनों से तापमान 40 डिग्री के पार है और लोग उमस और भीषण गर्मी से हलकान है। दोनों दिनों के लिए मौसम विभाग ने बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। दोपहर और शाम को सतही हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार 30 जून को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दिनभर गरज-चमक के साथ बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं, जबकि दोपहर और शाम के समय तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा एक जुलाई को भी मौसम लगभग इसी तरह बना रहेगा। इस दिन अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस दिन भी गरज-चमक के साथ बारिश और दोपहर एवं शाम के समय तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। इसके बाद 2 जुलाई से मौसम में और सुधार देखने को मिल सकता है।
जल्द मिलेगी गर्मी से राहत
हफ़्तों की सुस्ती और बारिश की कमी के बाद भारत का दक्षिण-पश्चिम मानसून आखिरकार अपनी पूरी रफ्तार में लौटने की तैयारी कर रहा है। मौसम वैज्ञानिकों ने देश में एक साथ दो महत्वपूर्ण मौसम प्रणालियों (वेदर सिस्टम) के सक्रिय होने का संकेत दिया है। इस हफ्ते बंगाल की खाड़ी और मध्य भारत में बनने वाले इन सिस्टम्स के कारण देश के बड़े हिस्सों में व्यापक बारिश होने की उम्मीद है। इस बदलाव से उत्तर भारत में लंबे समय से भीषण गर्मी और उमस झेल रहे लोगों को जल्द ही बड़ी राहत मिलने वाली है। बता दे कि, ज्यादातर उत्तर भारत में मानसून की दस्तक 25 जून के आसपास हो जाती है लेकिन इस बार धीमी रफ्तार के कारण मानसून 4 जुलाई तक पहुंच सकता है। राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है। जल्द ही मानसूनी बारिश से लोगों को राहत मिलने वाली है।
