Sonam Wangchuk Update: नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं और भर्ती परीक्षाओं में धांधली के खिलाफ एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शनिवार को 21वें दिन में प्रवेश कर गई। बीते 20 दिनों से जंतर-मंतर पर आमरण अनशन कर रहे सोनम वांगचुक को सुबह दिल्ली पुलिस सफदरजंग अस्पताल लेकर पहुंची, जहां उन्हें मेडिकल निदरानी में रखा गया। इसके अलावा जंतर-मंतर पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
पत्नी ने जताई चिंता
इसी बीच सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि अंग्मो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए संदेश दिया और कहा कि, मैं दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में मौजूद हूं, जहां सोनम वांगचुक को भर्ती कराया गया है मेरी और मेरे डॉक्टरों की सहमति के बिना उन्हें कोई उपचार नहीं दिया जाना चाहिए इसके अलावा यह भी कहा कि कल शुक्रवार तक वांगचुक ठीक दिख रहे थे।
अस्पताल ने बताई मेडिकल स्थिति
सफदरजंग अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, सोनम वांगचुक को जरूरी इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लंबे समय तक उपवास और डिहाइड्रेशन की वजह से उनका शरीर कमजोर हो गया है। हालांकि, फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। वांगचुक के शरीर के जरूरी पैरामीटर्स को सामान्य करने के लिए उनकी लगातार निगरानी की जा रही है और आवश्यक उपचार दिया जा रहा है।
अभिजीत दीपके ने लगाए गंभीर आरोप
वहीं, कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सोनम वांगचुक को अस्पताल ले जाने की कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि वह कुछ समय के लिए धरना स्थल से बाहर गए थे। ‘जब मैं सुबह करीब सात बजे यहां से फ्रेश होने के लिए निकला, तभी पुलिस के लोग आए और सोनम सर को घसीटकर ले गए। भूख हड़ताल पर बैठे 60 साल के व्यक्ति को पुलिस जबरदस्ती ले गई। दिल्ली पुलिस का यह अमानवीय चेहरा है।
20 जून को संसद मार्च का किया था ऐलान
गौरतलब है कि, प्रदर्शनकारियों की ओर से 20 जून को संसद मार्च निकालने की घोषणा की गई थी। अब सोनम वांगचुक को अस्पताल ले जाए जाने के बाद जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों की मौजूदगी और पुलिस की कार्रवाई को लेकर स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। फिलहाल पुलिस बल की तैनाती जारी है और पूरे घटनाक्रम पर सभी की नजर बनी हुई है।
Read Also: Ind vs Afg: वनडे सीरीज से पहले टीम इंडिया को तगड़ा झटका, विराट कोहली चोट के कारण बाहर
