Rahul Gandhi on Paper Leak: लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने नीट पेपर लीक को लेकर एक बार फिर से केन्द्र की मोदी सरकार को घेरा है। उन्होंने प्रदर्शन में छात्रों की हुई पिटाई का सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार ने ऐसा गलत कदम क्यों उठाया, प्रधानमंत्री को छात्रों से माफी मांगनी चाहिए। देश के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं किया जा सकता। कांग्रेस नेता ने कहा कि छात्र कोई अपराध नहीं कर रहे हैं बल्कि वह न्याय मांग रहे हैं। इस दौरान राहुल ने केंद्र सरकार के सामने तीन मांगें भी रखीं।
मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि देश के हजारों-हजारों छात्र आखिर क्या गलत कर रहे हैं? उन्होंने कहा कि छात्रों पर सुरक्षाबलों की ओर से हथियार ताना जाने, उन्हें पीटने और अपमानित करने की खबरें सामने आ रही हैं। उन्होंने सवाल किया कि छात्रों के साथ ऐसा क्यों हो रहा है?
कांग्रेस नेता ने कहा कि छात्र शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे हैं और सरकार से वही मांग रहे हैं, जिसका उन्हें अधिकार है। उन्होंने कहा कि छात्रों को ऐसी शिक्षा व्यवस्था चाहिए, जो सही तरीके से काम करे और निष्पक्ष हो। लेकिन आज देश में ऐसी शिक्षा व्यवस्था नहीं है। बीते 10 सालों में अब तक 152 पेपर लीक हो चुके हैं, जिसमें आज तक किसी को कोई सजा नहीं हुई।
उन्होंने कहा कि आज देश में पेपर लीक की समस्या बहुत गंभीर हो चुकी है। पेपर लीक होने के बाद छात्र बहुत भारी तनाव से गुजरते हैं और अब तक सैंकड़ों छात्र आत्महत्या कर चुके हैं। छात्र बार-बार सरकार से पारदर्शिता और शुचिता के साथ परीक्षा कराने की मांग कर चुके हैं लेकिन बावजूद इसके पेपर लगातार लीक हो रहे हैं। यह समस्या समाज और छात्रों के सामने बड़ी होती जा रही थी।
राहुल ने रखीं तीन मांगें
इसके अलावा नेता प्रतिपक्ष ने मीडिया से बातचीत के दैरान केन्द्र सरकार के सामने तीन मांगों को रखा है। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को छात्रों से माफी मांगनी चाहिए। दूसरी मांग शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान को इस्तीफा देना चाहिए। वहीं, प्रदर्शनकारी छात्रों पर लाठीचार्ज करने वाले पुलिस कर्मियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
