Mohali Office Hatyakand: पंजाब के मोहाली में हुई ऑफिस की एक घटना ने सभी को दहलाकर रख दिया। जहां एक युवती की हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि यह हत्या एकतरफा प्यार के चलते हुई। पुराने दोस्त ने इस घटना को अंजाम दिया है। हत्याकांड की एक वीडियो सोशल पर तेजी से वायरल हो रही है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि हमलावर ने दफ्तर में घुसकर काम कर रही युवती पर चाकू से ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिए।
वारदात को अंजाम देने के बाद बॉयफ्रेंड ने अपने ऊपर चाकू से हमला कर आत्महत्या करने की कोशिश की थी। फिलहाल, उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और अस्पताल में इलाज चल रहा है। युवती की हत्या के बाद उसके परिजनों ने मीडिया में चल रहे प्रेम प्रसंग को पूरी तरह से गलत बताया। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की है।
युवती के परिजनों का कहना है कि उनकी बेटी हर परेशानी और व्यक्तिगत समस्या को सबसे पहले साझा करती थी। कंपनी अपनी सुरक्षा व्यवस्था को छिपाने के लिए इस तरह की बातें फैला रही है। मृतक युवती के दादा का कहना है कि कोई व्यक्ति चाकू लेकर किसी कंपनी के कार्यालय में कैसे घुस गया। यह कंपनी की सुरक्षा व्यवस्था को सवालों के घेरे में खड़ा करता है।
बहस के बाद हमला
पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए बताया पीड़ित युवती शाम को अपने ऑफिस में काम कर रही थी। इसी दौरान हरविंदर वहां पहुंचा और दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते आरोपी ने अपने पास से मौजूद चाकू निकाल लिया और युवती पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। ऑफिस में मौजूद कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद हरविंदर ने खुद पर भी कई बार चाकू से वार कर लिया। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने युवती को मृत घोषित कर दिया, जबकि हरविंदर का इलाज जारी है।
Read Also: भारत दौरे पर डोनाल्ड ट्रंप की लाडली टिफनी, पति संग अक्षरधाम मंदिर देख हुई मंत्रमुग्ध
क्या बोले डीएसपी हरसिमरन सिंह
डीएसपी हरसिमरन सिंह बल ने बताया कि आरोपी ने युवती की गर्दन पर पीछे से 25 से 30 बार चाकू से हमला किया। शुरुआती जांच में मामला एकतरफा प्यार और ब्रेकअप के बाद पैदा हुए विवाद से जुड़ा लग रहा है। दोनों मूल रूप से पटियाला के रहने वाले थे और मोहाली में नौकरी करते थे। आरोपी अभी अस्पताल में भर्ती है। जैसे ही उसकी हालत में सुधार होगा, उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल, पूरे मामले की जांच के लिए टीम गठित कर दी गई है।
Read Also: 3 जून 1947: वो तारीख जिसने बदल दिया इतिहास और भूगोल, पढ़िए इसके पीछे की पूरी कहानी
