Weather Forecast Delhi NCR: दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के लोगों के लिए अच्छी खबर है। फिलहाल, लोगों को गर्मी और लू के थपेड़ों से राहत मिलने वाली है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, आगामी सप्ताह लोगों के लिए राहत लेकर आएगा और मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। इस दौरान आसमान में बादलों की आवाजाही रहेगी और कुछ इलाकों में तेज हवाएं चलने और बूंदाबांदी की संभावना है।
इस दौरान तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी और अधिकतम पारा 40 डिग्री के पार नहीं जाएगा। जारी साप्ताहिक पूर्वानुमान के अनुसार, 22 जून को अधिकतम पारा 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम पारा 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इसके अलावा कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। आर्द्रता का स्तर अधिकतम 65 फीसदी और न्यूनतम 40 प्रतिशत रह सकता है।
23 जून मंगलवार की बात की जाए तो इस दिन आसमान आंशिक बादलों से घिरा रहेगा। अधिकतम पारा 38 डिग्री और न्यूनतम पारा 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इस दिन को लेकर किसी प्रकार की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई। 24 और 25 जून की बात की जाए तो तापमान में मामूली बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। इस दिन अधिकतम पापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री रहने की संभावना है। सप्ताह के अंतिम दिनों में भी तापमान लगभग इसी तरह बना रहेगा।
आसमान में बादलों की मौजूदगी के साथ नमी का स्तर 60 से 40 प्रतिशत के बीच रहने का अनुमान है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमीय गतिविधियों के प्रभाव से एनसीआर में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। इसके चलते तापमान नियंत्रित रहेगा और लोगों को भीषण गर्मी और लू के थपड़ों से राहत मिलेगी। इस दौरान हल्की बूंदाबांदी और कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होती रहेगी।
Read Also: Cricket: अब सितंबर-अक्टूबर में भी होगा आईपीएल, 74 की जगह 94 होंगे मुकाबले, यह रही पूरी जानकारी
