PM Modi In WB: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को हुगली में किसान सम्मान निधि की 23वीं जारी की और इस दौरान एक जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि "बाबा तारकनाथ और बंगाल की यह पुण्यभूमि, पश्चिमबंग दिवस की यह ऐतिहासिक तारीख और इतनी बड़ी संख्या में आप सबकी उपस्थिति में मुझे आपके बीच आने का सौभाग्य मिला। बंगाल की हवा में अब एक नई ताजगी है। यहां के कण-कण से एक नई खुशबू आ रही है, ऐसा लग रहा है जैसे बंगाल अब बेड़ियों से आजाद हो गया। जैसे बंगाल का गौरव लौटने का आरंभ हो गया और यह कार्यक्रम इसका साक्षी बन रहा है।
पीएम के साथ गवर्नर आरएन रवि और प्रदेश के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी मंच पर मौजूद थे। इस दौरान प्रधानमंत्री ने पीएम-किसान योजना की 18, 880 करोड़ रुपए की 23वीं किस्त जारी की, जिससे पूरे भारत में 9.44 करोड़ से अधिक किसान लाभान्वित हुए हैं। ‘पश्चिमबंग दिवस' समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मैं कामना करता हूं कि ऐतिहासिक ‘पश्चिम बंगाल दिवस' राज्य के विकास के लिए प्रेरणा बने।
बंटवारे के समय कांग्रेस ने बंगाल को अनाथ छोड़ दिया था और स्वतंत्रता के बाद तुष्टीकरण की राजनीति की। उन्होंने बंगाली भाषा में लोगों से पूछा- क्या आपको यह परिवर्तन पसंद आ रहा है। इस बार पश्चिमबंग दिवस की यह तारीख और भी खास है। आज़ादी के बाद बंगाल के उज्जवल भविष्य के लिए जो सपना देखा गया था, बंगाल की महान आत्माओं ने जो परिकल्पना की थी। आज पहली बार हम पश्चिमबंग दिवस पर उन सपनों को सच्चाई में बदलते देख रहे हैं।
विकास का अध्याय शुरू- पीएम मोदी
यह ऐतिहासिक तारीख पश्चिम बंगाल के विकास की प्रेरणा बने, हम एक नया और गौरवशाली इतिहास रचे। आज बीजेपी-एनडीए सरकार में विकास के महाअभियान की शुरुआत हो रही है। उन्होंने कहा कि 'बंगाल में दशकों तक पहले लेफ्ट और फिर टीएमसी ने जो गड्ढे बनाए, उन्हें भरने के लिए डबल इंजन सरकार ने सुपरफास्ट गति से काम करना शुरू कर दिया है। बिजली की रफ्तार से फैसले हो रहे हैं। रुकी हुई योजनाओं पर काम आगे बढ़ रहा है। इसी कड़ी में आज यहां सैकड़ों करोड़ की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास हुआ है।
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘कल देश, दुनिया में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाना है। इस बार मैं बंगाल में ही योग दिवस का हिस्सा बनूंगा। स्वामी विवेकानंद और महर्षि अरविंद जैसे योगियों की भूमि से जो संदेश जाएगा, उससे पूरे विश्व का मार्गदर्शन होगा। मैं चाहूंगा कि इस बार बंगाल के कोने-कोने में योग दिवस के आयोजन हो। बता दें कि, कल रविवार को दुनियाभर में योग दिवस मनाया जाएगा। इस बार योग के लिए उसकी थीम-Yoga for Healthy Ageing यानी स्वस्थ उम्र के लिए योग। जिसका साफ मतलब है कि एक स्वस्थ उम्र के लिए योग की महत्वता ताकि हर उम्र का व्यक्ति स्वस्थ, चुस्त-दुरुस्त रह सकें।
