Weather 12 July Update: इस समय देश के कई हिस्सों में मानसून पूरी तरह से सक्रिय है। उत्तर भारत के अधिकतर राज्यों में झमाझम बारिश हो रही है। लगातार बदलते मौसम के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 12 जुलाई को लेकर अलर्ट जारी किया है। रविवार को 15 राज्यों में भारी बारिश, आंधी और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
आईएमडी के मुताबिक, इस दौरान कुछ इलाकों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। रविवार को उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, ओडिशा, पश्चिम-बंगाल, त्रिपुरा, मेघालय, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, केरल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में बारिश के आसार हैं। लोगों को खराब मौसम के दौरान बेवजह यात्रा न करने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
दिल्ली-एनसीआर का मौसम
दिल्ली-एनसीआर में 12 से 14 जुलाई तक हल्की से मध्यम बारिश गरज-चमक के साथ होने की संभावना है। हालांकि, फिलहाल भारी बारिश का कोई अलर्ट नहीं है। इस दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे और अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हल्की बारिश के बावजूद लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ सकता है।
पहाड़ी इलाकों में होगी भारी बारिश
मौसम विभाग ने पहाड़ी राज्यों उत्तराखंड और हिमाचल में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मनाली, शिमला, धर्मशाला, मंडी और सोलन जैसे इलाकों में तेज बारिश हो सकती है। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और धुंध की संभावना को देखते हुए स्थानीय लोगों और पर्यटकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई। देवभूमि उत्तराखंड के देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश और नैनीताल में भी गरज-चमक के बारिश होने की संभावना है।
मानसून की लगातार बदल रही स्थिति
आईएमडी का कहना है कि मानसून की स्थिति लगातार बदल रही है। आने वाले दिनों में इसका प्रभाव उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, मेघालय, मिजोरम और त्रिपुरा की ओर अधिक रहेगा। ऐसे में पहाड़ी इलाकों में सबसे ज्यादा बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर रखने और प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की है।
Read Also: Red Fort Threat: लाल किले को एक बार फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी, राजधानी से लेकर मुंबई तक हड़कंप
