MP Datia Byelection: मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर बवाल जारी है। इस सीट पर उम्मीदवारी को लेकर पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों द्वारा जमकर बवाल मचाया गया जिसके बाद कयास लगाए जा रहे थे कि मिश्रा कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं लेकिन इन सब कयासों के बीच उन्होंने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि ‘मैं बीजेपी में हूं और बीजेपी में ही मरूंगा’। मेरा कहीं और जाने का सवाल पैदा नहीं होता।
उन्होंने आगे कहा, कार्यकर्त्ताओं में क्षणिक आवेश था जो अब खत्म हो गया है। मैं दिल्ली में संगठन के पदाधिकारी से मिलने के लिए आया था। पार्टी से बड़ा कोई नहीं है, पार्टी सबसे बड़ी है और हमेशा रहेगी। हम सभी मिलकर कार्यकर्ता बनकर पार्टी के हित के लिए काम करते रहेंगे। पार्टी आलाकमान जो भी आदेश करेगा उसका पालन किया जाएगा। बता दें कि, नरोत्तम मिश्रा ने आज बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात की और उसके बाद उन्होंने ये बयान दिया है।
उल्लेखनीय है कि, इससे पहले दतिया उपचुनाव में मिश्रा का टिकट कटने के बाद उनके समर्थकों ने जमकर बवाल मचाया था। इससे पहले बीजेपी में ऐसा कभी नहीं देखने को मिला था। पहले समर्थकों ने पत्थरबाजी की, सड़क को जाम कर दिया। इतना ही नहीं, समर्थकों ने बाद में बीजेपी कार्यालय पर ही कब्जा कर लिया था।
इसकी वजह थी कि पार्टी ने दतिया उपचुनाव में नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं देकर आशुतोष तिवारी को टिकट दे दिया था। उनके समर्थक उनका टिकट कटने से नाराज चल रहे थे और उन्होंने उम्मीदवार बदलने का दबाव बनाने के लिए बवाल मचाया था। जिसके बाद बीजेपी नेता नरोत्तम मिश्रा पार्टी आलाकमान से मिलने दिल्ली पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने संगठन पदाधिकारी से मुलाकात की थी।
बता दें कि, बीजेपी की ओर से नरोत्तम मिश्रा प्रबल प्रत्याशी थे और वह काफी समय से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे लेकिन पार्टी आलाकमान ने ऐन वक्त उनका टिकट काटकर आशुतोष तिवारी को दे दिया। जिसके बाद मिश्रा के समर्थक नाराज हो गए और पार्टी आलाकमान के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। बवाल के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो दर्जन से ज्यादा नेताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
Read Also: UP: अंबेडकर नगर में एक घर से निकले कोबरा समेत दो दर्जन से ज्यादा सांप, इलाके में मची अफरा-तफरी
