Team India ODI Perform: रोहित शर्मा की जगह शुभमन गिल को टीम इंडिया का कप्तान बनाया गया था, लेकिन तब से टीम जीतने को तरस गई है। साल 2025 में मार्च महीने में टीम ने चैंपियंस ट्रॉफी जीती थी, इसके बावजूद यह हाल है। युवा कप्तान गिल की कप्तानी में अब तक चार एकदिवसीय सीरीज खेली गई जिसमें तीन में हार मिली जबकि एक सीरीज में जीत का स्वाद चखा है। यह जीत अपने घर पर अफगानिस्तान के खिलाफ आई है। अगर ऐसे में टीम का सिलसिला यही रहा तो आगे विश्वकप की तैयारियों को झटका लगेगा। हालांकि, इस महीने अब एकदिवसीय सीरीज तो नहीं है बल्कि जिंबाब्वे के खिलाफ फटाफट प्रारुप की सीरीज जरूर खेली जानी है।
उल्लेखनीय है कि, भारतीय टीम ने बीते साल मार्च महीने में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी को जीतकर पूरी दुनिया को अपनी बादशाहत बताई थी। इस ट्रॉफी के बाद बीसीसीआई ने रोहित शर्मा को कप्तानी से हटाकर युवा खिलाड़ी शुभमन गिल को कप्तानी सौंपी थी। गिल को कप्तानी मिलने के बाद टीम इंडिया सबसे पहले ऑस्ट्रेलिया दौरे पर गई थी, जहां पर तीन में से एक मैच में जीत नसीब हुई थी।
इस सीरीज के बाद न्यूजीलैंड की टीम भारत दौरे पर टी-20 और एकदिवसीय सीरीज खेलने आई थी। इस सीरीज में भी भारतीय टीम को तीन में से केवल एक मैच में जीत मिली थी और भारत ऑस्ट्रेलिया दौरे की तरह 2-1 श्रंखला हार गई थी। इसकी खास बात ये रही कि साल 1988 के बाद ये पहली बार हुआ कि न्यूजीलैंड ने भारत आकर वनडे सीरीज अपने नाम करने में कामयाबी हासिल की थी।
ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के खिलाफ मिली हार के बाद भारत की अफगानिस्तान के साथ दो मैचों की सीरीज हुई। यह सीरीज भारत अपने घर पर 2-0 से जीत गया और ऐसा लगा कि गाड़ी धीरे-धीरे पटरी पर आ रही है लेकिन ऐसा कतई नहीं हुआ। इंग्लैंड में तीन मैचों की श्रंखला भारत 2-1 से हार गया। इस तरह से गिल की कप्तानी में भारत चार में से केवल एक सीरीज जीता है।
वेस्टइंडीज के साथ होगी वनडे सीरीज
अब अगर आगे की वनडे श्रंखला की बात की जाए तो अब सीधे वेस्टइंडीज के साथ सीरीज खेली जानी है, वेस्टइंडीज के साथ होने वाली यह सीरीज सितंबर में खेली जानी है। इस सीरीज के तहत तीन मैच खेले जाएंगे, जो आईसीसी वनडे विश्व कप 2027 के लिए काफी अहम होंगे। इस सीरीज के लिए अभी करीब दो महीने का समय बचा है। ऐसे में मौका है कि अपनी तैयारियों को चाकचौबंद किया जाए, जिससे चल रहा हार सिलसिला रोका जा सके।
Read Also: Ind vs Eng: लॉर्ड्स वनडे से पहले भारतीय टीम में फेरबदल, सुंदर की जगह इस युवा हरफनमौला को मिली जगह
