Rajpal Yadav Property Auction: बॉलीवुड अभिनेता और कॉमेडी किंग के नाम से मशहूर राजपाल यादव की कानूनी और आर्थिक मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। चेक बाउंस मामले को लेकर पहले से चर्चा में चल रहे अभिनेता राजपाल अब एक नए विवाद के कारण सुर्खियों में हैं। ताजा जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर स्थित उनकी दो संपत्तियों की नीलामी की जाने की जानकारी सामने आई है और इस कार्रवाई को लेकर सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने संबंधित संपत्तियों पर आधिकारिक नोटिस भी चस्पा कर दिया है।
बताया जा रहा है कि राजपाल यादव पर सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया (मुंबई) का करीब 16 करोड़ 61 लाख 64 हजार रुपये का बकाया है। जिससे कर्ज की वसूली नहीं होने के चलते गिरवी रखी गई संपत्तियों को कब्जे में लेकर उनकी नीलामी की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके अलावा नीलामी के लिए चिन्हित दोनों संपत्तियों की अनुमानित कीमत लगभग 3 करोड़ 19 लाख 26 हजार आंकी गई है। गौरतलब है कि राजपाल यादव ने यह कर्ज अपनी फिल्म 'अता पता लापता' के निर्माण के लिए बैंक से लिया था। और समय पर कर्ज का भुगतान नहीं होने के बाद बैंक ने कानूनी प्रक्रिया के तहत गिरवी रखी गई संपत्तियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी।
जानकारी के मुताबिक अभिनेता राजपाल यादव की शाहजहांपुर दो संपत्तियां हैं। इनमें एक शहर में स्थित है, जबकि दूसरी गांव में है, जिसमें खेत और मकान दोनों शामिल बताए जा रहे हैं। इन दोनों संपत्तियों की 9 सितंबर 2026 को ऑनलाइन नीलामी की जाएगी। यानी कुल मिलाकर अभिनेता राजपाल की कानूनी और आर्थिक दोनों रूप से मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही है। इसके अलावा एक जानकारी यह भी है कि राजपाल यादव ने इस लोन के लिए पत्नी राधा यादव और अपनी मां गोदावरी यादव की संपत्तियों को भी गारंटी के तौर पर गिरवी रखा था। इसी आधार पर अब बैंक ने संबंधित संपत्तियों पर भी कार्रवाई शुरू की है। वहीं शाहजहांपुर के अलावा मुंबई स्थित अन्य संपत्तियों को लेकर भी बैंक की प्रक्रिया जारी है।
गौरतलब है कि इसी साल फरवरी के महीने से राजपाल यादव चेक बाउंस मामले को लेकर काफी सुर्खियों में रहे हैं। जिनमें तत्कालीन कार्यवाई के दौरान उन्हें 12 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया था इसके बाद हाईकोर्ट ने जुलाई के महीने में सजा बरकरार रखने का आदेश दिया था और अब एक बार फिर यह मामला चर्चा में आ गया है दिलचस्प बात यह है कि जिस कंपनी की ओर से उनके खिलाफ चेक बाउंस का मामला दर्ज कराया गया है उसके संचालक भी शाहजहांपुर से जुड़े बताए जाते हैं। वहीं बैंक अधिकारियों का कहना है कि यह पूरी कार्रवाई बैंकिंग नियमों और कानूनी प्रक्रिया के तहत की जा रही है। यदि निर्धारित समय के भीतर बकाया राशि का भुगतान नहीं होता है तो नियमानुसार संपत्तियों की नीलामी की जाएगी।
