शामली धर्मांतरण मामला: उत्तर प्रदेश के जनपद शामली के दयानंद नगर में हाल ही में हिन्दू धर्म छोड़कर मुस्लिम धर्म अपनाने वाले आयुष मलिक मामले में बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। अब आयुष मलिक ने एक वीडियो जारी कर दोबारा हिन्दू धर्म में वापसी का दावा किया है। सोशल मीडिया पर इसको लेकर हनुमान जी की पूजा पाठ वाली वीडियो शेयर की गई है। वीडियो में आयुष मलिक हिन्दू धर्म के रिति-रिवाज के साथ पूजा-अर्चना करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हो गई है। वीडियो वायरल होने के बाद आयुष मलिक ने कहा कि अपने माता-पिता के लिए उन्होंने हिन्दू धर्म में वापसी की है। वह जारी वीडियो में अपने परिजनों और रिश्तेदारों का आशीर्वाद लेते हुए दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब वह हिन्दू धर्म को छोड़कर कहीं नहीं जाएंगे। भगवान की कृपा से मैं अपने सनातन में लौट चुका हूं।
आयुष मलिक के दवा कारोबारी पिता देवराज मलिक ने बताया कि उन्होंने ही यह वीडियो प्रसारित किया है। उनके पुत्र ने धर्म वापसी करते हुए सनातन धर्म अपना लिया है। फिलहाल आयुष मलिक बाहर गया हुआ है। इसलिए उससे कोई बातचीत नहीं हो सकेगी। मामले पर पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह ने बताया कि धर्म वापसी की जानकारी उसके परिवार के लोग ही दे सकेंगे। इस प्रकरण में जो आरोपित फरार है उनकी तलाश की जा रही है। जल्द ही सभी को गिरफ्तार किया जाएगा।
यहा था पूरा प्रकरण
बता दें कि, आयुष मलिक ने पढ़ाई पूरी करने के बाद भारत मेडिकोज के नाम से मेडिकल स्टोर खोला था। वहां कार्य करने वाले मुख्य नौकर आस मोहम्मद उर्फ आशु को पता था कि आयुष करोड़पति है। इसके बाद आयुष को जाल में फंसाने की साजिश रची गई। आशु की बहन चांदनी कुरैशी ने माजरा रोड पर उसी जिम को ज्वाइन किया जहां आयुष जाता था। जिम ट्रेनर बनकर चांदनी ने आयुष को ट्रेनिंग के बहाने फंसाया, उसकी अश्लील वीडियो बनाई और धर्मांतरण का दबाव डाला। पुलिस जांच में सामने आया कि आयुष को पाकिस्तानी कट्टरपंथी डॉक्टर इसरार अहमद की धार्मिक वीडियो दिखाकर उसका पूरी तरह ब्रेनवाश किया गया था।
युवक का मानसिक संतुलन प्रभावित होने के बाद आरोपित उसे दिल्ली ले गए, जहां एक मस्जिद में गाजियाबाद के दो मौलाना और शामली के मौलवी मुन्नवर ने उसका जबरन धर्मांतरण करा दिया था। धर्मांतरण के बाद भी निकाहनामें की आड़ में युवक से लगातार मोटी रकम वसूली जाती रही।
इस मामले में चार जून को स्वामी यशवीर की ओर से एक वीडियो प्रसारित किया गया। जिसमें उन्होंने दावा किया था कि शामली के दवा व्यापारी देवराज मलिक के पुत्र आयुष मलिक का चांदनी कुरैशी ने अपने प्रेमजाल में फंसाकर उसका वीडियो बनाया और फिर धर्मांतरण करा दिया। इसमें कई मौलाना और चांदनी कुरैशी के पूरे परिवार पर आरोप लगाया था।
इसी प्रकरण में छह जून की शाम देवराज मलिक निवासी मुहल्ला दयानंद नगर की ओर से पुलिस को चादंनी कुरैशी समेत उसके परिवार के सात लोग और तीन मौलाना के खिलाफ तहरीर दी गई। आरोप लगाया कि उनके पुत्र का धर्मांतरण कर रुपए वसूले जा रहे हैं। पूरे परिवार पर धर्मांतरण का दबाव बनाया जा रहा है।
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चांदनी कुरैशी, उसके पिता इस्लाम कुरैशी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसी प्रकरण में चांदनी के रिश्तेदार भोला को भी जेल भेजा गया। फिलहाल इस प्रकरण में सात आरोपित फरार चल रहे हैं। जिनकी पुलिस तलाश कर रही है। इसके अलावा दिल्ली को दो मौलवियों को भी गिरफ्तार किया है।
