अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी टिफनी ट्रंप अपने पति माइकल बूलोस संग भारत दौरे पर है। शनिवार को उन्होंने राजधानी दिल्ली के अक्षरधाम मंदिर में दर्शन किए और उसके बाद वह आगरा पहुंचीं, जहां ताजमहल की खूबसूरती को निहारती रह गईं। आगरा के बाद टिफनी जैसलमेर के लिए रवाना हो गईं। टिफनी ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए अक्षरधाम मंदिर के अपने अनुभव को अविश्वसनीय और अद्भुत बताया।
उन्होंने मंदिर की संस्कृति, वास्तुकला और वहां के माहौल की सराहना की। इस दौरे में उनके पति माइकल बुलोस और उनके कुछ करीबी दोस्त भी शामिल थे। मंदिर की ओर से एक्स पर शेयर किए गए पोस्ट पर लिखा कि टिफनी ट्रंप, माइकल बुलोस और उनके दोस्तों का स्वागत करना उनके लिए सम्मान की बात थी। मंदिर ने इस यात्रा को संस्कृति और विरासत को करीब से जानने का एक सुंदर अवसर बताया। भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने भी टिफनी ट्रंप और माइकल बुलोस का स्वागत किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए दोनों को भारत आने पर शुभकामनाएं दीं।
पूर्व पत्नी की बेटी हैं टिफनी
बता दें कि, टिफनी ट्रंप अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी पूर्व पत्नी मार्ला मेपल्स की बेटी हैं। वह ट्रंप परिवार की चौथी संतान हैं। उनके चार सौतेले भाई-बहन हैं, जिनमें डोनाल्ड ट्रंप जूनियर, इवांका ट्रंप, एरिक ट्रंप और बैरन ट्रंप शामिल हैं। टिफनी ने साल 2020 में जॉर्जटाउन यूनिवर्सिटी लॉ सेंटर से कानून की पढ़ाई पूरी की थी और ज्यूरिस डॉक्टर की डिग्री हासिल की थी। टिफनी ट्रंप के पति माइकल बुलोस एक अमेरिकी-लेबनानी कारोबारी हैं। दोनों ने 12 नवंबर 2022 को शादी की थी।
अचानक पहुंचीं आगरा
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी टिफनी ट्रंप शनिवार को दिल्ली के अलावा आगरा पहुंचीं और उन्होंने दुनिया के सात अजूबों में शामिल ताजमहल का दीदार किया। टिफनी ट्रंप का यह दौरा पहले से तय कार्यक्रम में शामिल नहीं था, लेकिन उन्होंने अचानक ताजमहल देखने का फैसला किया। टिफनी ट्रंप कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच ताजमहल पहुंचीं। इस दौरान वह ताजमहल की खूबसूरती को निहारती रह गईं।
