Ind vs SL Test Series: भारत और श्रीलंका के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज में अब कुछ ही समय बचा है। दोनों टीमों की तैयारी अंतिम दौर में है और दोनों ने प्रैक्टिस मैच भी खेल लिया है। चोटों से जूझ रही भारतीय टीम में बदलाव देखने को मिले हैं और ऐसे में सवाल है कि पहले मैच में टीम की प्लेइंग इलेवन कैसी होगी। साई सुदर्शन के सीरीज से बाहर होने पर सरफराज खान को शामिल किया गया है इसके अलावा जसप्रीत बुमराह भी अब सीरीज नहीं खेलेंगे।
दौरे के लिए घोषित स्क्वॉड में कई बदलाव हो चुके हैं ऐसे में सवाल यही है कि भारतीय टीम किस प्लेइंग इलेवन के साथ मैदान पर उतरती है। अगर अंतिम ग्यारह की बात की जाए तो यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ओपनिंग की शुरुआत कर सकते हैं। तीसरे नंबर पर देवदत्त पडिक्कल खेलने उतर सकते हैं। पडिक्कल ने वार्म-अप मैच में बेहतरीन शतकीय पारी खेली थी ऐसे में तीसरे नंबर पर उनकी जगह पक्की नजर आती है। इसके बाद नंबर चार पर कप्तान शुभमन गिल खेलते हुए नजर आएंगे।
नंबर पांच पर विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत और छठे नंबर पर रवींद्र जडेजा का दावा मजबूत माना जा रहा है। अब अगर नंबर सात की बात करें तो यहां पर ध्रुव जुरेल और सारांश जैन में से एक ही खिलाड़ी को मौका दिया जाएगा। यहां पर जुरेल बाजी मारते हुए दिखाई दे सकते हैं।
अगर गेंदबाजी आक्रमण की बात की जाए तो मानव सुथार, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज और गुरनूर बरार को अंतिम ग्यारह में जगह दी जा सकती है। तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा का पत्ता कट सकता है। वार्मअप मैच में प्रसिद्ध को केवल एक ही सफलता हाथ लगी थी। वे पहली पारी में एक भी विकेट नहीं ले पाए और दूसरी पारी में केवल एक ही विकेट ले पाए थे। हालांकि, अभी सीरीज शुरू होने में चार दिन का समय बाकी है।
भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन...
यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल, ऋषभ पंत, रवींद्र जडेजा, ध्रुव जुरेल/सारांश जैन, मानव सुथार, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, गुरनूर बरार।
