Punjab Nikay Chunav 2026: विधानसभा चुनाव से पहले पास हुई AAP, 958 वार्डों में मिली जीत, अबोहर में कमल खिला, जानें कांग्रेस और SAD का हाल

punjab_chunav_Zn2SGgfyp.jpg
पंजाब नगर निकाय चुनाव परिणाम 2026

Punjab Nikay Chunav 2026 Result Live: पंजाब में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। चुनाव से पहले सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) ने स्थानीय नगर निकाय चुनाव में शानदार प्रदर्शन किया है। 26 मई को हुए मतदान के बाद पार्टी ने 102 शहरी निकायों में 958 वार्ड जीतकर अपनी मजबूत पकड़ का प्रदर्शन किया। आप ने 8 नगर निगमों में से पांच मोहाली, बरनाला, मोगा, बठिंडा और बटाला पर कब्जा जमाया है।

बरनाला नगर निगम के गठन के बाद यहां पर पहला चुनाव था जिसमें आप को सफलता मिली है। भारतीय जनता पार्टी ने अबोहर में कमल खिलाया और कपूरथला में कांग्रेस को जीत मिली है। पठानकोट की बात की जाए तो यहां पर बीजेपी 20 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी लेकिन स्पष्ट बहुमत हासिल नहीं कर सकी।

अगर नगर परिषदों की बात की जाए तो यहां भी आप ने बेहतर प्रदर्शन किया और 75 में से 40 पर कब्जा जमाया। कांग्रेस 18 परिषदों तक सीमित रही, जबकि शिरोमणि अकाली दल (SAD) को 10 परिषदों में जीत हासिल हुई। इसके अलावा भारतीय जनता पार्टी के खाते में 4 परिषदें गईं, जबकि तीन परिषदों में निर्दलीय और अन्य प्रत्याशियों मे जीत हासिल की। 

20 में 11 नगर पंचायतों पर कब्जा 

आम आदमी पार्टी ने नगर पंचायतों में शानदार प्रदर्शन किया और सबसे आगे रही। 20 नगर पंचायतों में से 11 पंचायतों में जीत हासिल की। इसके अलावा कांग्रेस को पांच, अकाली दल को दो और बीजेपी ने एक नगर पंचायत में सफलता हासिल की। एक सीट अन्य प्रत्याशियों के खाते में गई।

अगर सभी 104 निकायों के कुल प्रदर्शन को देखा जाए तो आम आदमी पार्टी ने 56 निकायों में जीत हासिल कर अपना दबदबा कायम रखा। कांग्रेस 24 निकायों में जीत दर्ज करने में सफल रही, जबकि शिरोमणि अकाली दल के खाते में 12 निकाय गए। विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी पंजाब में तीसरे नंबर की पार्टी बनकर उभरी और 6 निकायों में जीत हासिल की। पठानकोट नगर निगम में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी लेकिन, स्पष्ट बहुमत नहीं मिल पाया।

Read Also: मेटा ने कर दिया बड़ा धमाका, अब Facebook, Instagram और Whatsapp चलाने के लिए देने होंगे पैसे, पढ़िए पूरा रिचार्ज प्लान

निकाय चुनाव की जीत ऐतिहासिक- सीएम मान

नगर निकाय चुनाव के परिणामों के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इसे ऐतिहासिक करार दिया और कहा कि प्रदेश की जनता ने विकास और न्याय को स्वीकार किया और धर्म की राजनीति को नकारा है। उन्होंने दावा किया कि विधानसभा चुनाव से पहले यह जीत जनता के विश्वास की जीत है। पंजाब की जनता ने आम आदमी पार्टी को आशीर्वाद देकर सफल बनाया। सीएम मान ने बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा कि अन्य दलों के कमजोर प्रदर्शन के कारण आगामी राजनीतिक मुकाबले में आप को कोई गंभीर चुनौती नहीं दिख रही है। हम आने वाले विधानसभा चुनाव में एक बार फिर से पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने वाले हैं।

Read Also: जापान में 20 साल बाद भारतीय आम बैन, अल्फांसो समेत कई प्रीमियम किस्मों का निर्यात प्रभावित, वजह कर देेगी हैरान