UP Weather Update: उत्तर भारत समेत उत्तर प्रदेश में इस समय मानसून की रफ्तार धीमी है। मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, अगले 48 घंटे में हल्की बारिश की संभावना है, जबकि अधिकतर हिस्सों में गर्मी से लोग परेशान है। सुबह से लखनऊ, कानपुर, बाराबंकी समेत कई शहरों में मौसम साफ है और धूप निकलने के साथ तापमान में बढ़ोतरी महसूस की जा रही है।
इस समय बंगाल की खाड़ी से नमी लेकर आने वाली हवाएं और बारिश कराने वाले मौसमी सिस्टम कमजोर हो गए हैं, जिससे मानसूनी गतिविधियां धीमी पड़ गई हैं। हालांकि, ठंडी हवाओं के चलते कुछ इलाकों में अस्थायी राहत भी मिल रही है, लेकिन दिन में उमस बढ़ने से हालात फिर असहज हो रहे हैं। उमस के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
25 जिलों में बारिश, 26 जिलों में उमस
आईएमडी, विभाग ने आज प्रदेश के करीब 25 जिलों में हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया है, जबकि 26 जिलों में उमस और भीषण गर्मी की चेतावनी दी गई है। इस सीजन में एक जून से 4 जुलाई तक प्रदेश में केवल 44 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि सामान्य तौर पर इस अवधि में 118 मिमी बारिश होती है। यानी इस बार करीब 44 प्रतिशत कम बारिश हुई है।
7 जुलाई के बाद बारिश
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, यह स्थिति अस्थायी है। 7 जुलाई के बाद मानसून फिर सक्रिय होने लगेगा और 8 से 10 जुलाई के बीच प्रदेश में अच्छी बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना जताई गई है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है। दो दिन तक मानसून कमजोर रहने की संभावना है।
बता दें कि, 6 जुलाई को पश्चिमी-यूपी में हल्की बारिश और पूर्वी यूपी में गरज-चमक की संभावना है। 7 जुलाई को कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी हो सकती है। 8 जुलाई से पूरे प्रदेश में बारिश का दायरा बढ़ेगा, जबकि 9 और 10 जुलाई को कई जिलों में भारी बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। इस समय कमजोर मानसून के कारण बारिश कम हो रही है जिससे उमस और गर्मी लगातार बढ़ती जा रही है। उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तापमान इस समय 37 से 39 डिग्री तक बढ़ा हुआ है।
Read Also: Cricket: आयरलैंड के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी को मिलेगी टीम में जगह? BCCI सचिव ने दे दी जानकारी
