Weather Forecast Update: नौतपा की तपती गर्मी के बीच उत्तर प्रदेश में तेज आंधी, बारिश और तूफान ने जनजीवन अस्त व्यस्त कर दिया। लखनऊ समेत पश्चिमी, पूर्वी और तराई क्षेत्रों के कई जिलों में तेज हवाओं, बारिश और ओलावृष्टि से भारी नुकसान हुआ। अलग-अलग हादसों, बिजली गिरने और बाढ़ जैसी स्थितियों में प्रदेशभर में 31 लोगों की मौत हो गई। कई इलाकों में पेड़, टिनशेड और बिजली के खंभे गिरने की जानकारी सामने आई।
सहारनपुर जिला स्थित सिद्धपीठ माता शाकुंभरी देवी मंदिर में देर रात अफरा-तफरा मच गई। शिवालिक पहाड़ियों में हुई तेज बारिश के कारण पानी का तेज बहाव मंदिर परिसर के आस-पास आ गया, जिसमें कई श्रद्धालु और वाहन बह गए। सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। एक महिला श्रद्धालु का शव भी बरामद किया गया, जबकि कई बच्चों के लापता होने की खबर हैं।
बताया जाता है कि, बहाव इतना तेज था कि अपने साथ ट्रैक्टर-ट्राली को भी बहा ले गया, कई वाहन भी इस बहाव में अभी लापता हैं। हताहतों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। पुलिस-प्रशासन का रेस्क्यू लगातार जारी है और अभी श्रद्धालुओं से मंदिर परिसर में नहीं आने की अपील की जा रही है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, पानी का बहाव इतना तेज था कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला और महिला श्रद्धालु का शव एक किमी दूर से बरामद हुआ। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया।
Read Also: Weather Update: झुलसाती गर्मी से अब मिलेगी राहत, कल से तीन दिन जमकर बरसेंगे बादल, IMD ने दी जानकारी
सीएम ने प्रशासन को दिया आदेश
प्रदेश में सबसे अधिक 10 मौतें बुंदेलखंड क्षेत्र में दर्ज की गईं। बांदा और हमीरपुर में तीन-तीन लोगों की जान गई। इसके अलावा रायबरेली, अंबेडकरनगर, कौशांबी, प्रतापगढ़, आजमगढ़, बलिया, भदोही, देवरिया, आगरा, मथुरा, उन्नाव और फतेहपुर समेत कई जिलों में भी मौतों की सूचना प्रशासन को मिली है, जिसकी जांच जारी है। बता दें कि, आंधी-बारिश के कारण प्रदेश में तापमान 8 डिग्री लुढ़का है। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के लिए 75 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जिला अधिकारियों को राहत बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही साथ प्रभावित इलाकों का आकलन करना और पीड़ितों की मदद सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
